खूंटी : विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल, जिला खूंटी की ओर से सेवा सप्ताह के तहत रविवार को बड़ाईक टोली में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 120 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
Read More : पीएम मोदी ने की झारखंड की बेटी तनीषा गौतम की सराहना, सेमीकंडक्टर मिशन में बनीं हिस्सा
इस सेवा अभियान का नेतृत्व बजरंग दल के जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो ने किया। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पंजीकरण, मरीजों की व्यवस्था, चिकित्सा टीम के समन्वय और शिविर संचालन की जिम्मेदारी निभाई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं
शिविर में केएस गंगा हॉस्पिटल, खूंटी की ओर से डॉ. अनिज नयन, डॉ. मुनमुन, डॉ. अतुल कुमार, डॉ. पवन राम और उनकी टीम ने चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। वहीं एसजीवीएस हॉस्पिटल की ओर से डॉ. अभिषेक मिश्रा, संजय गिल, हेरामणि और अन्य सहयोगियों ने स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श दिया। एमबीटी ट्रस्ट की ओर से शलेश्वरी देवी, पूनम देवी सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन में सहयोग किया।
Read More : पलामू के जंगल में पेड़ से लटका मिला लापता युवक का शव, एक महीने पहले हुआ था गायब
डॉ. अनिज नयन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बेहद आवश्यक हैं, क्योंकि समय पर जांच से कई गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान संभव हो जाती है। वहीं डॉ. अभिषेक मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता समाज के विकास की आधारशिला है और ऐसे शिविर लोगों को उपचार के साथ जागरूक भी बनाते हैं।
सेवा कार्य आगे भी जारी रहेंगे
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष विनोद जायसवाल ने कहा कि सेवा ही संगठन की पहचान है और शिक्षा, स्वास्थ्य व सामाजिक उत्थान के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे। जिला उपाध्यक्ष विकास मिश्रा ने चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। बजरंग दल के जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण और अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
Read More : रांची के संत अरविंदो अकादमी में नई SMC का गठन, राखी मिश्रा बनीं नई प्रधानाचार्या
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला संगठन मंत्री उमेश मांझी, नगर संयोजक अभय साहू, खूंटी ग्रामीण सह संयोजक अभिषेक साहू, श्रीकांत कश्यप, अविनाश मांझी, सूर्यांशु राज, मनोरंजन स्वांसी, आर्यन शर्मा, दीप सिंह, वैभव कुमार सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।




