झारखंड : कोयले से राजस्व प्राप्त करने के मामले में झारखंड देश के सभी राज्यों में पहले स्थान पर रहा है। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की ओर से अक्टूबर 2026 में विभिन्न राज्यों के सरकारी खजाने में कुल 4,173.69 करोड़ रुपये जमा किए गए। इसमें रॉयल्टी, जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ), राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट (एनएमईटी), जीएसटी और अन्य मदों की राशि शामिल है। इसमें झारखंड को सबसे अधिक 1,909.98 करोड़ रुपये मिले, जो कुल भुगतान का लगभग 45.7 प्रतिशत है। ओडिशा 719.20 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और मध्य प्रदेश 588.92 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रहा। छत्तीसगढ़ को 445.63 करोड़, महाराष्ट्र को 328.78 करोड़ और पश्चिम बंगाल को 136.30 करोड़ रुपये मिले।
also read : विधानसभा विशेष सत्र से पहले 24 नवंबर को होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक, बनेगी सदन की रणनीति
झारखंड को रॉयल्टी के रूप में 524.17 करोड़ रुपये, डीएमएफ मद में 150.71 करोड़ और एनएमईटी के तहत 15.52 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इसके अलावा अन्य मदों में सबसे अधिक 765.47 करोड़ रुपये दर्ज किए गए। जीएसटी के विभिन्न घटकों में राज्य को सीजीएसटी के 81.41 करोड़, एसजीएसटी के 81.41 करोड़ और आईजीएसटी के 291.29 करोड़ रुपये मिले। वहीं, अक्टूबर में सभी राज्यों को कुल 1,440.85 करोड़ रुपये रॉयल्टी, 433.96 करोड़ रुपये डीएमएफ और 43.46 करोड़ रुपये एनएमईटी के तहत मिले। जीएसटी के तहत सीजीएसटी 338.32 करोड़, एसजीएसटी 246.17 करोड़ और आईजीएसटी 831.01 करोड़ रुपये रहा।



