रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की लॉ एंड ऑर्डर उप समिति की बैठक चैंबर भवन में हुई। सदस्यों ने बैठक में शामिल होकर व्यवसायिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अपराध की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई तथा पुलिस प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने के संबंध में अपने सुझाव साझा को रखा।
थाना स्तर पर अपने सदस्यों का एक व्हाट्सअप ग्रुप बनाने का निर्णय
आपराधिक घटनाओं पर त्वरित पहल के लिए फेडरेशन द्वारा थाना स्तर पर अपने सदस्यों का एक व्हाट्सअप ग्रुप बनाने का निर्णय लिया गया। इसमें थाना प्रभारी के अलावा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी जोड़ा जायेगा। सदस्यों ने अपर बाजार सहित अन्य सघन व्यावसायिक क्षेत्रों में पीसीआर, टाइगर मोबाइल को सक्रिय रूप से कार्यरत रहने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही पुलिस – गार्ड पार्टनर जैसी पहल को संगठित अपराध की रोकथाम में भी उपयोगी बताया। यह भी कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्रों में पुलिस बूथ की स्थापना की पहल करनी चाहिए।
चैंबर की अनुशंसा पर जिला प्रशासन द्वारा आर्म्स लाइसेंस शीघ्र देने की पहल करे
लॉ एंड आर्डर उप समिति चेयरमैन शैलेश अग्रवाल ने विधि व्यवस्था से जुडी किसी भी समस्या की जानकारी चैंबर को लिखित में प्रेषित करने की अपील की। कहा कि फेडरेशन द्वारा किये गए गत वर्ष के प्रयास को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी प्रत्येक थाना में पुलिस व्यवसायी की नियमित बैठक का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने आर्म्स लाइसेंस की वर्तमान प्रक्रिया पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि चैम्बर की अनुशंसा पर जिला प्रशासन द्वारा आर्म्स लाइसेंस शीघ्र देने की पहल करनी चाहिए।
बंद पड़े पुलिस पिकेट को पुनः सक्रिय करने की आवश्यकता
चैंबर उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय ने बंद पड़े पुलिस पिकेट को पुनः सक्रिय करने की आवश्यकता बताई। राज्यभर के व्यवसायियों की मांग पर कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने जल्द ही डीजीपी की अध्यक्षता में सभी जिलों के एसपी और जिला चैम्बर ऑफ कॉमर्स की ऑनलाइन बैठक के आयोजन की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इस हेतु आवश्यक पहल की जाएगी। सह सचिव अमित शर्मा ने पुलिस प्रशासन की सक्रियता बनाए रखने के लिए निरंतर संवाद को जरुरी बताया और कहा कि इस दिशा में फेडरेशन द्वारा निरंतर पहल की जाएगी।
दुकान/प्रतिष्ठान में रोड फेसिंग सीसीटीवी कैमरा लगाने की अपील की
आपराधिक घटनाओं के रोकथाम और उनके त्वरित उद्भेदन हेतु चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने व्यवसायी समाज से अपने दुकान/प्रतिष्ठान में रोड फेसिंग सीसीटीवी कैमरा लगाने की अपील की। पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने अपने कार्यकाल में किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित पहल एवं समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
चैंबर उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष रोहित पोद्दार, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, लॉ एंड आर्डर उप समिति के चेयरमैन शैलेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, सदस्य अमित कुमार, आलोक सिंह, विशाल जैन, सुनील श्रीवास्तव, कमलेश संचेती, कृष्णा शर्मा, शशांक भारद्वाज, राहुल शर्मा, केदारनाथ साहू, प्रकाश नाथ, संतोष अग्रवाल, विजय कुमार, कुलवंत सिंह, हरमीत सिंह, सुमित कक्कड़ उपस्थित थे। यह जानकारी चैंबर प्रवक्ता विनीता सिंघानिया ने दी।
–



