रांची : रांची के पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में रविवार को 273वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।
Read More : विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने खूंटी में लगाया स्वास्थ्य शिविर, 120 से ज्यादा लोगों को मिला लाभ
इस अवसर पर श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार आकर्षक आभूषणों और पुष्पों से किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ महाप्रसाद का भोग लगाया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, छाछ, लीची जूस और आलू चिप्स का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में 1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
कार्यक्रम के दौरान आयोजित भजन संध्या में ट्रस्ट के भजन गायकों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर राधे-कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया।
Read More : पीएम मोदी ने की झारखंड की बेटी तनीषा गौतम की सराहना, सेमीकंडक्टर मिशन में बनीं हिस्सा
चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और लगभग चार हजार से अधिक भक्तों ने भगवान के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, विशाल जालान, आशुतोष कुमार मिश्रा, पवन पोद्दार, ज्ञान चंद्र शर्मा, अमिता जालान, सिद्धि जालान, सीमा कक्कड़, निमा कक्कड़, अनिल मस्करा, सुनीता मस्करा, सायरा मस्करा, विशाखा जालान, वंदना जालान, अविकल मस्करा सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सहयोग किया।
Read More : पलामू के जंगल में पेड़ से लटका मिला लापता युवक का शव, एक महीने पहले हुआ था गायब




