रांची : रांची सिटीजन फोरम का वार्ड पार्षद मुलाकात अभियान लगातार जारी है। फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल अब तक रांची नगर निगम के 53 में से 47 वार्ड पार्षदों से उनके वार्डों में जाकर मुलाकात कर चुका है। इस दौरान पार्षदों को अंगवस्त्र देकर उनके निर्वाचित होने पर बधाई दी गई और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया।
Read More : पुंदाग के श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भक्ति का संगम, 273वें अन्नपूर्णा महाप्रसाद में उमड़े श्रद्धालु
रविवार को प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड 23 की पार्षद फरहा नाज, वार्ड 36 की पार्षद निहारिका कुमारी, वार्ड 33 की पार्षद पुष्पा टोप्पो और वार्ड 45 के पार्षद नसीम गद्दी से मुलाकात की। इस दौरान स्ट्रीट लाइट, नाली की सफाई, क्षतिग्रस्त सड़क, खुले नाले और जलजमाव जैसी समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
फंड और मानदेय नहीं मिलने की कही बात
मुलाकात के दौरान वार्ड पार्षदों ने बताया कि चुनाव हुए तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि रांची नगर निगम में फंड की कमी बताकर नए विकास कार्यों को मंजूरी नहीं दी जा रही है, जिससे वार्ड स्तर पर छोटे-छोटे विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
Read More : विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने खूंटी में लगाया स्वास्थ्य शिविर, 120 से ज्यादा लोगों को मिला लाभ
पार्षदों ने बताया कि अब तक केवल एक बोर्ड बैठक हुई है, जिसमें गर्मी को देखते हुए पांच बोरिंग और 50 स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई थी, लेकिन अब तक इन प्रस्तावों पर अमल नहीं हो सका है।
नगरपालिका अधिनियम के अनुपालन पर जताई चिंता
रांची सिटीजन फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला ने कहा कि झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 का पूर्ण रूप से पालन नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार वार्ड समिति, क्षेत्रीय समिति, संयुक्त समिति, विषय समिति, तदर्थ समिति, स्टेट चैंबर ऑफ म्युनिसिपल काउंसिल और नगरपालिका लोकपाल जैसी व्यवस्थाओं का अब तक गठन नहीं किया गया है।
Read More : पीएम मोदी ने की झारखंड की बेटी तनीषा गौतम की सराहना, सेमीकंडक्टर मिशन में बनीं हिस्सा
फोरम ने नगर निगम के राजस्व स्रोतों को लेकर भी सवाल उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने होल्डिंग टैक्स, यूजर चार्ज, रेन वाटर हार्वेस्टिंग पेनल्टी, पार्किंग, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, ऑटो स्टैंड, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क और अन्य स्रोतों से होने वाली आय का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। इस पर वार्ड पार्षदों ने कहा कि उन्हें इसकी विस्तृत जानकारी नहीं है और वे आगामी बोर्ड बैठक में यह मुद्दा उठाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष दीपेश निराला, सचिव रेणुका तिवारी, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी, उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, कुमार अभिषेक दुबे, सुजीत कुमार पांडेय, रविंद्र मेहता सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।




