सरायकेला : पश्चिम बंगाल के दातिया में बीती देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में सरायकेला जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव के रहने वाले तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर हुआ। जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, पूरे जुगिलांग में मातम पसर गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Read More : भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच को लेकर रांची में सुरक्षा सख्त, ADG ने लिया जायजा
मिली जानकारी के अनुसार जुगिलांग गांव के रहने वाले शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप बाइक से पुरुलिया जिले के बलरामपुर में लगा छाता मेला देखने गए थे। तीनों ने वहां पनामा सर्कस भी देखा। मेला घूमने के बाद तीनों देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मालती चेकपोस्ट के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर की तरफ से पश्चिम बंगाल जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। शिवम गोप और लुकास गोप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर हालत में सपन गोप को इलाज के लिए पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद अर्टिगा कार का चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
नीमडीह थाना प्रभारी डीलशन बिरुवा ने बताया कि हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए बंगाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस फरार चालक का पता लगाने में जुटी है। एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत से जुगिलांग गांव में गम का माहौल है। परिवार और गांव के लोग इस हादसे से सदमे में हैं।



