रांची : 9 अक्टूबर को JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे T20 मैच को लेकर सुरक्षा का पूरा इंतजाम कसने में पुलिस जुट गई है। आज यानी सोमवार को ADG सह IG, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने स्टेडियम और आसपास के इलाके का जायजा लिया। इस दौरान स्टेडियम में दर्शकों के आने-जाने, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर तैयारियों की पड़ताल की गई। खिलाड़ियों और दोनों टीमों की सुरक्षा के साथ-साथ आसपास के संवेदनशील और जरूरी जगहों की सुरक्षा व्यवस्था भी देखी गई।
प्रवेश-निकास और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा
पुलिस अधिकारियों ने मैच के दौरान आने वाली संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी ली। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए की गई तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश
ADG मनोज कौशिक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने को कहा। रांची पुलिस के मुताबिक मैच के दौरान आम नागरिकों, दर्शकों, खिलाड़ियों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे मैच के दौरान प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह सहित JSCA के अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





