रांची। स्व्च्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई। इसके पश्चात सभी निदेशकगण एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी ने संयुक्त रूप से स्वच्छता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह स्वच्छता जागरूकता रथ रांची के विभिन्न चौक-चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों एवं गली-मोहल्लों में पहुंचकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगा और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।
इस वर्ष स्वच्छता ही सेवा-2026 की थीम “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” है। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सामूहिक भागीदारी और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
विदित हो कि स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत सीसीएल मुख्यालय के साथ-साथ सीसीएल के सभी कोयला क्षेत्रों में भी विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता को जनभागीदारी का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।









