रांची : स्वच्छ रांची के निर्माण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का शुभारंभ किया। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत आज यानी गुरुवार (17 सितंबर) को बकरी बाजार स्टोर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के पदाधिकारियों और कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। नगर आयुक्त ने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका जरूरी है।
Read More : असीम मंडल ने नहीं किया सरेंडर, CM की पोस्ट से खुलासा- STF ने किया गिरफ्तार
2 अक्टूबर तक चलेंगी विभिन्न गतिविधियां
स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है। अभियान के दौरान रांची के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम और जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग और सहभागी बनाया जाएगा।
नगर निगम ने शहरवासियों से की अपील
रांची नगर निगम ने शहरवासियों से स्वच्छ रांची के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। निगम ने नागरिकों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की। निगम ने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस और समुदाय के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने को कहा है। कार्यक्रम में निगम के पदाधिकारी, स्वच्छता शाखा के कर्मी और नागरिक उपस्थित रहे।




