पूर्वी सिंहभूम : परिचालन में असामान्य देरी के चलते दक्षिण पूर्व रेलवे ने आज यानी 15 जुलाई को हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। रेलवे के अनुसार, इस दिन दोनों दिशाओं की जनशताब्दी एक्सप्रेस का परिचालन केवल टाटानगर स्टेशन तक ही सीमित रहेगा।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 12021 हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित गंतव्य बड़बिल तक नहीं जाएगी। यह ट्रेन टाटानगर स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। इसके कारण टाटानगर और बड़बिल के बीच इस ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।
दोनों दिशाओं में रहेगा बदलाव
इसी तरह गाड़ी संख्या 12022 बड़बिल–हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस भी 15 जुलाई को बड़बिल से नहीं, बल्कि टाटानगर स्टेशन से रवाना होगी। इसके चलते बड़बिल और टाटानगर के बीच इस ट्रेन का परिचालन निरस्त रहेगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह बदलाव परिचालन में असामान्य देरी के कारण अस्थायी रूप से किया गया है।
यात्रियों से रेलवे की अपील
दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




