झारखंड को मिल सकती हैं 7 नई लोकसभा सीटें, ST-SC आरक्षण में भी बदलाव संभव

रांची : केंद्र सरकार ने लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद झारखंड में भी लोकसभा की सीटें बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। अभी राज्य में 14 लोकसभा सीटें हैं, जो बढ़कर 21 हो सकती

झारखंड
सीएम हेमंत सोरेन (फाइल फोटो)

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : केंद्र सरकार ने लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद झारखंड में भी लोकसभा की सीटें बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। अभी राज्य में 14 लोकसभा सीटें हैं, जो बढ़कर 21 हो सकती हैं। यानी झारखंड के खाते में सात सीटें और आ सकती हैं। सीटें बढ़ीं तो एसटी (आदिवासी) और एससी (दलित) के लिए आरक्षित सीटों का हिसाब-किताब भी बदल सकता है। हालांकि, कितनी सीटें बढ़ेंगी और किस वर्ग के हिस्से में कितनी सीटें आएंगी, इसका पक्का फैसला परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा। इधर, सीएम हेमंत सोरेन आज यानी शनिवार को अपनी पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक करने वाले हैं। बैठक में केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इसके बाद ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) इस मुद्दे पर अपना रुख साफ करेगा।

परिसीमन और महिला आरक्षण पर झामुमो करेगा मंथन

झामुमो के केंद्रीय महासचिव के अनुसार सीएम हेमंत सोरेन शनिवार को पार्टी के सभी विधायकों और सांसदों के साथ परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर विचार-विमर्श करेंगे। बैठक के बाद पार्टी तय करेगी कि वह सदन में केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव का समर्थन करेगी या इसका विरोध करेगी। फिलहाल इस मुद्दे पर झामुमो के आधिकारिक रुख का इंतजार है।

ST की 7 से 8 और SC की 2 सीटें होने की संभावना

वर्तमान में झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में से पांच अनुसूचित जनजाति और एक अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। केंद्र सरकार के मौजूदा प्रस्ताव के तहत यदि राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 14 से बढ़कर 21 होती है, तो आरक्षित सीटों की संख्या में भी बदलाव हो सकता है। संभावित व्यवस्था के अनुसार, अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें पांच से बढ़कर सात या आठ हो सकती हैं। वहीं, अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या एक से बढ़कर दो होने की संभावना है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय परिसीमन आयोग ही करेगा।

2007 में विरोध के कारण लागू नहीं हो पाया था परिसीमन

झारखंड में परिसीमन का मुद्दा पहले भी विवादों में रहा है। वर्ष 2007 में परिसीमन आयोग ने 2001 की जनगणना के आधार पर राज्य की लोकसभा और विधानसभा सीटों के पुनर्निर्धारण का आदेश जारी किया था। उस समय लोकसभा की कुल 14 सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया था। हालांकि, अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित लोकसभा सीटों को पांच से घटाकर चार करने का प्रस्ताव दिया गया था। वहीं, अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या एक से बढ़ाकर दो करने की बात कही गई थी। आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या घटाने के प्रस्ताव पर झारखंड में विरोध शुरू हो गया था। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई थी। विरोध के बीच परिसीमन आयोग ने वर्ष 2007 में झारखंड में जनसुनवाई की प्रक्रिया भी शुरू की, लेकिन तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इसे स्थगित करना पड़ा।

विधानसभा की आरक्षित सीटों में भी बदलाव का था प्रस्ताव

वर्ष 2007 के परिसीमन प्रस्ताव में झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के आरक्षण में भी बदलाव की बात कही गई थी। प्रस्ताव के अनुसार, अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीटों की संख्या 28 से घटाकर 22 करने की योजना थी। वहीं, अनुसूचित जाति के लिए 10 सीटें आरक्षित करने का प्रस्ताव था। बढ़ते विरोध के बीच केंद्र सरकार ने वर्ष 2008 में परिसीमन अधिनियम में संशोधन किया। इसके लिए अधिनियम में धारा 10B जोड़ी गई। इस प्रावधान के तहत झारखंड में परिसीमन आयोग की ओर से 2007 में जारी आदेशों को कानूनी प्रभाव से बाहर कर दिया गया। साथ ही पुरानी संसदीय सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों की व्यवस्था को 2026 तक जारी रखने का प्रावधान किया गया। इस तरह 2007 में प्रस्तावित परिसीमन झारखंड में लागू नहीं हो सका।

करीब दो दशक बाद फिर चर्चा में परिसीमन का मुद्दा

करीब दो दशक बाद झारखंड में एक बार फिर परिसीमन का मुद्दा चर्चा में है। हालांकि, इस बार परिस्थितियां वर्ष 2007 से अलग हैं। उस समय मुख्य विवाद आदिवासी आरक्षित लोकसभा सीटों की संख्या घटाने को लेकर था। वहीं, केंद्र सरकार के मौजूदा प्रस्ताव में सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की बात कही गई है। प्रस्ताव में लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात वर्ष 2051 तक बनाए रखने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने की व्यवस्था भी शामिल है। अब सबकी नजर सीएम हेमंत सोरेन और झामुमो के रुख पर है। पार्टी की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा कि झामुमो केंद्र सरकार के परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर सदन में क्या रुख अपनाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *