रांची : शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से रांची नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को हरमू रोड क्षेत्र में निगम की इंफोर्समेंट टीम ने सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सेटबैक एरिया और गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर 12 संस्थानों, दुकानों और भवनों को नोटिस जारी किया गया। वहीं, हरमू रोड स्थित पेंटागोन भवन की गिफ्ट डीड भूमि पर संचालित एक टी-स्टॉल को तत्काल हटाने के लिए भी नोटिस चस्पा किया गया।
read more : 14वीं JPSC PT में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, आयोग कार्यालय का घेराव
नगर निगम की टीम ने करीब 20 दुकानों के सामने सड़क और नाली पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान सड़क और नालियों पर बनाई गई टाइल्स, सीढ़ियां तथा अन्य अवैध संरचनाओं को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया गया। नाली के ऊपर अवैध निर्माण पाए जाने पर एक दुकान पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान ट्रेड लाइसेंस की जांच में अन्ना फास्टफूड और पायल कलेक्शन बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के संचालित पाए गए। दोनों प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
इसके अलावा डमरो फर्नीचर भवन के बेसमेंट में पार्किंग स्थल का उपयोग गोदाम के रूप में किए जाने का मामला सामने आया। इस पर भवन प्रबंधन को नोटिस जारी कर गोदाम तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया। नगर निगम ने सभी भवन स्वामियों और बिल्डरों को बेसमेंट एवं पार्किंग क्षेत्र का उपयोग केवल वाहन पार्किंग के लिए सुनिश्चित करने को कहा है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि, सड़क, नाली, सेटबैक एरिया और गिफ्ट डीड की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



