अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी के गौरीगंज से समाजवादी पार्टी के निलंबित विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा की है। दरअसल, राकेश प्रताप सिंह ने 2024 के राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के आठवें उम्मीदवार के समर्थन में वोट डाला था। इसके बाद समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चार विधायकों को निलंबित कर दिया था। इसमें उनका नाम भी शामिल था। हालांकि, उनकी विधानसभा सदस्यता नहीं गई थी। राकेश प्रताप सिंह ने 14 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा की है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद और जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस जलाने वालों के साथ राजनीति संभव नहीं है।
also read :झारखंड सरकार ने की कोयले को GST से बाहर कर VAT के दायरे में लाने की मांग
राकेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को कहा कि जिस पार्टी में भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते रहे हों। रामचरितमानस को जलाने और फाड़ने की घटनाओं को अंजाम दिया जाता रहा हो। राष्ट्र और समाज की जगह जाति एवं परिवार की चिंता की जाए, वहां राजनीति करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि करीब 3 साल पहले हमने गौरीगंज में एक धार्मिक मंच से कहा था, चाहे विधायक रहे या न रहें, टिकट मिले या न मिले, राजनीति में रहें या नहीं रहें, लेकिन रामचरितमानस जलाने-फाड़ने वालों के साथ राजनीति नहीं करेंगे।
also read : 10 अक्टूबर को मतदान केंद्रों पर लगेगा मेगा हेल्प डेस्क, 12-16 तक विशेष अभियान
गौरीगंज विधायक ने कहा कि तुलसीदास के लेखनी पर सवाल उठाने, सनातन और हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के विरोध में मैं खड़ा हुआ हूं। इस कारण पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है। भाजपा में जाने की घोषणा के साथ ही राकेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि हमारे साथ व्यक्तिगत संबंध रखने वाले 90 फीसदी लोग हमारे साथ जाएंगे। बूथ और पोलिंग सेंटर पर काम करने वाले कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल होंगे। इसको लेकर बड़े कार्यक्रम का मंच तैयार किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर की अपील
राकेश प्रतापइ सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे 14 अक्टूबर को भाजपा से मिलन समारोह में शामिल हों। उन्होंने कहा कि 14 अक्टूबर की सुबह 11 बजे गौरीगंज स्थित अपने आवास ‘मंगलम’ से वे भाजपा की सदस्यता लेने के लिए निकलेंगे। उन्होंने अपील की कि इस दिन लोग बाहरी कार्यक्रम का निर्धारण न करें। इस कार्यक्रम में अपनी सुनिश्चित कराएं।
स्मृति ईरानी, पंकज चौधरी रहेंगे मौजूद
अमेठी में होने जा रहे राकेश प्रताप सिंह के मिलन समारोह में बड़ा मंच सजने की संभावना है। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, यूपी सरकार में मंत्री प्रतिभा शुक्ला, कृष्णा पासवान, दारा सिंह चौहान, मयंकेश्वर शरण सिंह आदि की मौजूदगी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि सपा विधायक अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी भी उनके साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
पीडीए पर उठाया सवाल
अमेठी से समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीत की हैट्रिक बनाने वाले राकेश प्रताप सिंह ने पार्टी के पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक यानी पीडीए पॉलिटिक्स पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा है कि सपा के पीडीए में न पी है, न डी है और न ए है। इसमें केवल उनके (अखिलेश यादव) परिवार के लोग हैं। राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सपा पर परिवार और उद्योगपति परिवारों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।
also read : झारखंड में रूपी सोरेन के निधन पर डॉक्टरों ने 3 दिन स्थगित किया, 22 अक्टूबर की हड़ताल यथावत
गौरीगंज विधायक ने कहा कि भाजपा ने राज्यसभा में विभिन्न जातियों और वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया है। सपा ने अपने हिस्से की सीटों पर दलित अल्पसंख्यक वर्ग को प्रतिनिधित्व नहीं दिया। विधानसभा चुनाव लड़ने के मामले पर उन्होंने फैसला संसदीय बोर्ड के लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव में भाजपा को जिताने के लिए वे पूरा जोर लगाएंगे।



