रांची : पत्रकार अभिषेक भारती की रिहाई और विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने धरना-प्रदर्शन किया। लोकभवन के समीप नागाबाबा खटाल के पास आयोजित इस एकदिवसीय प्रदर्शन में सैकड़ों युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजयुमो ने पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और पुलिस पर उनके साथ कथित प्रताड़ना के आरोपों को लेकर विरोध जताया। साथ ही विधायक भूषण बाड़ा पर पॉक्सो से जुड़े गंभीर आरोपों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया। धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने अभिषेक भारती की रिहाई, महिलाओं और आदिवासी बेटियों की सुरक्षा तथा विधायक भूषण बाड़ा के मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
Read More : रांची में बिरसा मुंडा आट्या-पाट्या टूर्नामेंट, 24 खिलाड़ियों का चयन
शशांक राज बोले- झारखंड में कानून-व्यवस्था चरमराई
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि हेमंत सरकार ने झारखंड को अपराध और कुशासन की प्रयोगशाला बना दिया है। उनके मुताबिक राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और उनके साथ कथित अमानवीय व्यवहार पर सवाल उठाए। शशांक राज ने कहा कि यह मामला लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा है। विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है और कोई भी व्यक्ति राजनीतिक पद की आड़ में कानून से ऊपर नहीं हो सकता।
शशांक राज ने NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल बयानबाजी करने के बजाय जवाबदेही तय कर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजयुमो पत्रकारों के उत्पीड़न, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगा। सरकार की नीतियों के खिलाफ पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
रोमित नारायण सिंह ने सरकार पर लगाए आरोप
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि सरकार जनता के सवालों से बच रही है। उनके अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानून-व्यवस्था समेत हर मोर्चे पर सरकार विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा, युवाओं का भविष्य और पत्रकारों की स्वतंत्रता गंभीर सवालों के घेरे में हैं। सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगने के बावजूद कार्रवाई में देरी सरकार की दोहरी नीति को उजागर करती है। रोमित नारायण सिंह ने कहा कि अभिषेक भारती का मामला अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा है। भाजयुमो न्याय और जवाबदेही की इस लड़ाई को गांव से लेकर राजधानी तक ले जाएगा।
विधायक के नार्को टेस्ट की भी उठाई मांग
भाजयुमो के प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, प्रतुल शाहदेव और अजय साह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकार अभिषेक भारती ने एक नाबालिग आदिवासी बच्ची की पीड़ा को सामने लाकर उसे न्याय दिलाने की आवाज उठाई थी। प्रवक्ताओं ने आरोप लगाया कि संबंधित विधायक पर कार्रवाई करने के बजाय अभिषेक भारती को जेल भेजा गया और उनके साथ थर्ड डिग्री का इस्तेमाल कर शारीरिक प्रताड़ना की गई। उन्होंने मांग की कि विधायक भूषण बाड़ा यदि खुद को निर्दोष मानते हैं तो निष्पक्ष जांच के तहत नार्को टेस्ट के लिए सहमति दें। भाजयुमो नेताओं ने अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई, विधायक के नार्को टेस्ट और पीड़ित नाबालिग आदिवासी बच्ची को न्याय दिलाने की मांग की।
शशांक राज की अध्यक्षता में हुआ धरना
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने की, जबकि जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने संचालन किया। धरना-प्रदर्शन में अशोक बड़ाईक, अजय साह, प्रतुल सहदेव, रमेश सिंह, मुंचुन राय, ललित ओझा, राहुल चौधरी, अमित साहू, पूजा सिंह, सतीश सिंह, बबन बैठा, संजय महतो, रंजीत सहदेव, जितेंद्र वर्मा, संकेत तिवारी, सुधाकर चौबे, अमिताभ धीरज, विक्की लोहरा, विक्रांत तिवारी, शशिकांत सिंह, सचिन साहू, धर्मवीर सिंह, तरुण दास और इंद्रजीत यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि पत्रकार अभिषेक भारती को न्याय दिलाने, महिलाओं और आदिवासी बेटियों की सुरक्षा तथा भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर उनका संघर्ष जारी रहेगा।


