मदुरै : तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर आज यानी शनिवार को विवादित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद यह धार्मिक रस्म पूरी हुई। दीप जलाने की जगह को लेकर मंदिर और सिकंदर बदुशा दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आयोजन को देखते हुए पहाड़ी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने मंदिर, दरगाह और पूरे पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा संभाली। वहीं, सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त मद्रास हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों ने मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी संभाली।
Read More : सोनिया गांधी की नागरिकता पर सवाल, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में दी रिपोर्ट
दो पूर्व न्यायाधीशों को बनाया गया मंदिर का रिसीवर
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को मंदिर का रिसीवर नियुक्त किया है। दोनों को मंदिर प्रशासन का कार्यभार संभालने और अदालत के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई। दोनों पूर्व न्यायाधीश शनिवार को मदुरै स्थित अरुलमिगु सुब्रमणियस्वामी मंदिर पहुंचे। उनके मंदिर पहुंचने के दृश्य भी सामने आए। इसके साथ ही सीआरपीएफ के जवानों ने पहाड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
क्यों हुआ दीपथून पर दीप जलाने को लेकर विवाद?
मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद का मुख्य कारण दीप जलाने की जगह और उस पर अधिकार का सवाल है। इस पहाड़ी पर अरुलमिगु सुब्रमणियस्वामी मंदिर के साथ सिकंदर बदुशा दरगाह भी स्थित है। दोनों धार्मिक स्थलों के बीच पहाड़ी के कुछ हिस्सों के स्वामित्व और इस्तेमाल को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इस मामले में वर्ष 1920 में मुकदमा दायर किया गया था। वर्ष 1923 में अदालत ने पहाड़ी के अधिकतर हिस्से को मंदिर की संपत्ति माना था, जबकि दरगाह के आसपास के कुछ हिस्सों को मुस्लिम पक्ष का बताया था।
मौजूदा विवाद पहाड़ी की चोटी के पास स्थित एक पत्थर के स्तंभ को लेकर है। हिंदू श्रद्धालुओं का दावा है कि यह दीपथून यानी पारंपरिक रूप से दीप जलाने का स्तंभ है। उनकी मांग है कि यहां कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी जाए। यह स्तंभ दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। वहीं, दरगाह से जुड़े पक्षों ने इस स्थान पर अधिकार और वहां तक पहुंचने के रास्ते को लेकर सवाल उठाए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ा मामला
दीप जलाने को लेकर विवाद अदालत पहुंचा तो मद्रास हाईकोर्ट ने पहले दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। तमिलनाडु सरकार और अन्य पक्षों ने इस फैसले को चुनौती दी, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर 2026 को एक बार के लिए दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। अदालत ने 24 नवंबर को यह रस्म पूरी करने का निर्देश दिया था। हालांकि, उस दिन विवादित स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया और पहले से इस्तेमाल हो रही दूसरी जगह पर ही दीप प्रज्वलित किया गया।
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश की कथित तौर पर जानबूझकर अवहेलना किए जाने पर नाराजगी जताई। इसके बाद 27 नवंबर को अदालत ने 28 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया। सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को भी निलंबित कर दिया और प्रशासन संभालने के लिए हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को रिसीवर नियुक्त किया। साथ ही मंदिर और पूरी पहाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंप दी।


