रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र के साथ-साथ स्वस्थ, सशक्त और निरोगी राष्ट्र भी बने। इसी विजन से प्रेरित होकर रांची को फैटी लिवर की समस्या से मुक्त करने के उद्देश्य से ‘फैटी लिवर मुक्त रांची अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। उक्त बातें रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने आज रविवार को रांची स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं।
श्री सेठ ने कहा कि फैटी लिवर की समस्या तेजी से बढ़ रही है और अब बड़ी संख्या में युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खानपान, मोटापा और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसके प्रमुख जोखिम कारक हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि शुरुआती अवस्था में इसके स्पष्ट लक्षण नहीं दिखते। इसलिए समय पर जांच और जागरूकता बेहद जरूरी है।
also read : विधानसभा विशेष सत्र से पहले 24 नवंबर को होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक, बनेगी सदन की रणनीति
उन्होंने बताया कि हाल ही में नई दिल्ली में विश्वविख्यात लिवर रोग विशेषज्ञ एवं आईएलबीएस के निदेशक पद्मभूषण डॉ. एस.के. सरीन से मुलाकात के दौरान रांची में व्यापक स्तर पर निःशुल्क जांच अभियान चलाने का आग्रह किया गया था। उनके मार्गदर्शन तथा आईएलबीएस और सदर अस्पताल, रांची के सहयोग से यह अभियान शुरू हो रहा है।
श्री सेठ ने बताया कि 23 नवंबर 2026 को दोपहर 1:30 बजे सीसीएल सभागार, रांची में अभियान का विधिवत शुभारंभ होगा। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया, पद्मभूषण डॉ. एस.के. सरीन तथा राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू उपस्थित रहेंगे।
₹2.80 करोड़ की लागत से तैयार दो अत्याधुनिक स्कैनिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा
अभियान के तहत ₹2.80 करोड़ की लागत से तैयार दो अत्याधुनिक स्कैनिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इन वाहनों के माध्यम से रांची लोकसभा क्षेत्र के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों एवं युवाओं की नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर की निःशुल्क जांच की जाएगी। आधुनिक तकनीक से लैस इन वाहनों में महज पांच मिनट में स्कैनिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
अभियान का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को फैटी लिवर के प्रति जागरूक करना और बचाव के उपायों से जोड़ना
श्री सेठ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को फैटी लिवर के प्रति जागरूक करना और बचाव के उपायों से जोड़ना भी है। नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान और स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर इस बीमारी के जोखिम को कम किया जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के अन्य कार्यक्रम
श्री सेठ ने बताया कि 23 नवंबर को अभियान के शुभारंभ के बाद केंद्रीय मंत्री श्री मनसुख मांडविया भगवान बिरसा मुंडा संग्रहालय, पुराना जेल परिसर में धरती आबा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दोपहर 3:30 बजे बिरसा मुंडा फुटबॉल ग्राउंड, मोरहाबादी में खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। वहीं शाम 5 बजे होटल रमाडा, बरियातू में प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, चिकित्सक, प्रोफेसर, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में डॉ. एस.के. सरीन भी उपस्थित रहेंगे।
जनभागीदारी से बनेगा स्वस्थ रांची का संकल्प
श्री संजय सेठ ने रांची के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, चिकित्सकों, शिक्षण संस्थानों, युवाओं और अभिभावकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य अभियान की सफलता जनभागीदारी से ही संभव है। हमारा लक्ष्य फैटी लिवर के प्रति जागरूकता को जनआंदोलन बनाना है, ताकि स्वस्थ रांची, स्वस्थ झारखंड और स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार किया जा सके।



