रांची: जियासोवा दिवाली मेला 2026 के अवसर पर 1 नवंबर मोरहाबादी मैदान में आईफा इंटरनेशनल रांची एवं सीड के संयुक्त सहयोग से ‘नॉइज़ पॉल्यूशन (ध्वनि प्रदूषण)’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 70 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कल्पनाशीलता एवं कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से ध्वनि प्रदूषण के दुष्प्रभावों को रंगों और चित्रों के जरिए अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिता को तीन समूहों में विभाजित किया गया था। प्रथम समूह में कक्षा IV से VI, द्वितीय समूह में कक्षा VII से IX तथा तृतीय समूह में कक्षा X एवं उससे ऊपर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से बढ़ते ध्वनि प्रदूषण, तेज आवाज, पटाखों और इसके मानव जीवन एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. जाकिर हुसैन, अशोक कुमार एवं शगुफ्ता बानो शामिल थे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की कल्पनाशीलता, विषय की समझ और चित्रों की प्रस्तुति के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता के पुरस्कार विजेता ये रहे
– प्रथम पुरस्कार: इप्शिता सिन्हा, अनन्या शर्मा एवं अप्रीता रॉय।
– द्वितीय पुरस्कार: खुशी शर्मा, दृशा शर्मा एवं आराध्या पांडे।
– तृतीय पुरस्कार: शैलश्री पेखम एवं आयशा कुमारी।
– सांत्वना पुरस्कार: सान्वी कुमारी, आयुष कुमार एवं अद्या मिश्रा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अलमा हसन एवं हुमायूं कबीर, अशोक सिंह, रितिका धान, और तुषार का विशेष योगदान रहा। सभी विजेता विद्यार्थियों को साबिर हुसैन तथा अशोक सिंह के हाथों पुरस्कृत किया गया। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार, मेडल एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कला के माध्यम से सामाजिक एवं पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को एक बेहतर मंच प्रदान करना था। लगभग 70 बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल बनाया।


