चतरा : बिहार में हुए चर्चित बालू घोटाले की जांच अब झारखंड तक पहुंच गई है। बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने शुक्रवार को झारखंड के चतरा जिले में तीन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें अरुण सिंह, प्रेम सिंह और ठेकेदार शक्ति सिंह शामिल हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, बिहार EOU की टीम जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर चतरा पहुंची। टीम सिंह बंधुओं से जुड़े ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही है। इस दौरान बालू कारोबार और कथित घोटाले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की तलाश की जा रही है।
Read More : औरंगाबाद में ठेकेदार के पैतृक घर पर EOU की छापेमारी, पुलिस तैनात
चतरा में किन ठिकानों पर हुई छापेमारी?
EOU की टीम ने गोसाईडीह में प्रेम सिंह के ठिकाने पर छापेमारी की। वहीं, नागर में अरुण सिंह और शक्ति सिंह के कार्यालयों एवं आवासों की तलाशी ली जा रही है। अरुण सिंह, प्रेम सिंह और शक्ति सिंह आपस में करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी इन ठिकानों से बालू कारोबार से जुड़े दस्तावेज और कथित घोटाले से संबंधित अन्य साक्ष्य जुटा रही है।
बिहार में बालू के अवैध कारोबार की जांच
बिहार में बालू के अवैध कारोबार और उससे जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की जांच आर्थिक अपराध इकाई कर रही है। जांच के दौरान झारखंड के कुछ लोगों की कथित संलिप्तता से जुड़े तथ्य सामने आए। इसके बाद बिहार EOU की टीम ने चतरा में यह कार्रवाई की।
ईडी ने भी दर्ज की है ECIR
इस मामले में बिहार EOU की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की है। ईडी वित्तीय लेन-देन और कथित अवैध कमाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। इससे पहले बिहार ईडी ने बालू घोटाले से जुड़े मामले में पिछले वर्ष झारखंड के धनबाद जिले में भी कुछ ठिकानों पर छापेमारी की थी। चतरा में बिहार EOU की ताजा कार्रवाई को इसी जांच की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।


