रांची : झारखंड में ग्रामीण विकास योजनाओं की स्थिति को लेकर BJP ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को घेरते हुए मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन गांवों की जमीनी स्थिति इन दावों से बिल्कुल अलग है। मनरेगा, आवास और नल से जल जैसी योजनाओं में सामने आई खामियां सरकार की निगरानी व्यवस्था और क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
Read More : राज्यपाल संतोष गंगवार का बड़ा संदेश, 2050 तक आत्मनिर्भर बनेगा झारखंड
कैग रिपोर्ट में मनरेगा की बदहाल तस्वीर
रमाकांत महतो ने कहा कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट ने ग्रामीण विकास विभाग की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। 11 अगस्त 2026 को झारखंड विधानसभा में पेश रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच मनरेगा के तहत 1,02,68,484 कार्य प्रस्तावित किए गए थे। इनमें से मार्च 2024 तक केवल 27,96,044 कार्य ही पूरे हुए। यानी कुल प्रस्तावित कार्यों में महज 27 प्रतिशत काम पूरा हो सका। उन्होंने बताया कि इसी अवधि में 50,21,492 कार्य अधूरे रह गए, जबकि इन पर 2,633 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके थे। भाजपा प्रवक्ता ने इसे सरकारी योजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन में गंभीर कमी बताया।
महतो ने मजदूरों की बकाया मजदूरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कैग रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच अकुशल मजदूरों की 321.84 करोड़ रुपये की मजदूरी मार्च 2025 तक बकाया थी। उनके मुताबिक, मनरेगा में माप पुस्तिका और मस्टर रोल के रखरखाव में भी गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। बिना सत्यापित माप के भुगतान जारी होने के मामले भी मिले। उन्होंने सवाल किया कि ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों की जवाबदेही आखिर कौन लेगा?
प्रधानमंत्री आवास योजना में 6.32 लाख परिवार वंचित
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की स्थिति पर सवाल उठाते हुए रमाकांत महतो ने कहा कि कैग रिपोर्ट में 6.32 लाख पात्र ग्रामीण परिवारों के योजना से बाहर रहने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से 2024 के बीच राज्य में 15,92,124 आवास स्वीकृत हुए थे। इनमें से जनवरी 2025 तक 15,62,249 आवास ही पूरे हो सके। वहीं, उपलब्ध 20,199.98 करोड़ रुपये के मुकाबले केवल 14,113 करोड़ रुपये खर्च किए गए। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ये आंकड़े योजना के वित्तीय प्रबंधन और पात्र लाभुकों की पहचान में खामियों को उजागर करते हैं।
जल जीवन मिशन में राष्ट्रीय औसत से पीछे झारखंड
जल जीवन मिशन को लेकर भी भाजपा ने राज्य सरकार को घेरा। रमाकांत महतो ने कहा कि झारखंड में इस योजना के तहत 98,067 योजनाएं स्वीकृत हुई थीं, लेकिन दिसंबर 2024 तक केवल 27,249 योजनाएं ही पूरी हो सकीं। यह कुल स्वीकृत योजनाओं का महज 28 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 तक झारखंड के 62.53 लाख ग्रामीण परिवारों में से केवल 55 प्रतिशत परिवारों को ही नल से जल का कनेक्शन मिल पाया था। जबकि इस दौरान राष्ट्रीय औसत 80 प्रतिशत था।
दीपिका पांडेय सिंह और हेमंत सोरेन से मांगा जवाब
रमाकांत महतो ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से सवाल किया कि ग्रामीण मजदूरों को समय पर मजदूरी, गरीब परिवारों को पक्का मकान और गांवों को बुनियादी सुविधाएं आखिर कब मिलेंगी? उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री बैठकों में अधिकारियों को निर्देश देने और समीक्षा करने तक सीमित हैं। जरूरत इस बात की है कि गांवों में जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। सरकार को यह भी बताना चाहिए कि अधूरे कार्यों, लंबित भुगतान और योजनाओं की धीमी रफ्तार के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों पर क्या कार्रवाई की गई है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास केवल बजट आवंटन और घोषणाओं से नहीं होता, बल्कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। महतो ने सरकार से कैग की आपत्तियों पर जवाब देने और समयबद्ध तरीके से सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार में ग्रामीण विकास के दावों और गांवों की वास्तविक स्थिति में बड़ा अंतर है।


