रांची : शहर को अतिक्रमणमुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए रांची नगर निगम ने बुधवार को विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अवैध होर्डिंग्स, संरचनाओं और सड़क के मीडियन पर बनाए गए कीओस्क को हटाया गया। नगर निगम के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ शहर में सुगम आवागमन, बेहतर दृश्यता और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
Read More : RIMS में साल के अंत तक सभी टीचिंग पद भरने का लक्ष्य, निर्देश जारी
सेटेलाइट चौक के पास दो गैरेज हटाए
अभियान के दौरान सेटेलाइट चौक (डीपीएस चौक) के निकट अवैध रूप से संचालित दो गैरेजों को हटाया गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध संरचनाओं को हटाया। इसके अलावा वार्ड संख्या-44 के दरजी मोहल्ला स्थित जलसा सामुदायिक भवन के ऊपर अवैध रूप से बनाए गए तीन यूनिट होर्डिंग्स में से एक यूनिट को काटकर हटा दिया गया। नगर निगम की टीम ने खेलगांव क्षेत्र में चार अवैध होर्डिंग्स को काटकर हटाया। वहीं, बरियातू रोड में सड़क के मीडियन पर बनाए गए 30 से अधिक कीओस्क भी हटाए गए। नगर निगम का कहना है कि सड़क के मीडियन पर बने इन ढांचों से सड़क सुरक्षा, दृश्यता और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर के सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और यातायात मार्गों पर अनधिकृत रूप से लगाए गए होर्डिंग्स, मोनोपोल और अन्य अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नगर निगम के अनुसार, अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं है, बल्कि नागरिकों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम शहर सुनिश्चित करना है।








