रांची : भगवान बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आज यानी शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की स्वच्छता व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों का जायजा लिया।
Read More : रांची नगर निगम का बड़ा फैसला, सभी मुक्तिधामों का होगा व्यवस्थित संचालन
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित स्वच्छता टीम को समाधि स्थल और उसके आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने और नियमित रूप से फॉगिंग कराने को भी कहा। वहीं, अभियंत्रण शाखा को स्थल पर बचे हुए कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
डिस्टिलरी पुल के पास होगी जालीनुमा घेराबंदी
नगर आयुक्त ने डिस्टिलरी पुल स्थित वेंडर मार्केट की ओर जालीनुमा घेराबंदी करने का निर्देश भी दिया। इसका उद्देश्य वेंडरों और अन्य लोगों को वहां कचरा फेंकने से रोकना है, ताकि आसपास स्वच्छता बनी रहे। इसके अलावा, उन्होंने इनफोर्समेंट शाखा को पूरे मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से सभी जरूरी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी करने और समाधि स्थल पर साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान निगम के अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्ड के पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित रांची नगर निगम की टीम मौजूद रही।






