नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को पुष्टि की कि ईरान के चाबहार बंदरगाह पर फंसे केरल के भारतीय नाविक अक्षय हरीश को एक ‘इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट’ (आपातकालीन यात्रा प्रमाण पत्र) जारी किया गया है। इससे उनके जल्द से जल्द घर लौटने का रास्ता साफ हो गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि अक्षय को उनकी कंपनी की ओर से मदद मिल रही है। कंपनी उनके रहने और खाने-पीने का इंतजाम कर रही है। भारतीय दूतावास ने अक्षय से बातचीत के बाद जहाज के मालिक और एजेंट से भी संपर्क किया। उन्हें अक्षय के जरूरी दस्तावेज तैयार करने के लिए पूरी की जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इसके बाद अक्षय ने इमरजेंसी सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया, जिसे अब जारी कर दिया गया है। इस दस्तावेज के मिलने के बाद अक्षय भारत लौटने के लिए तैयार हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय दूतावास अक्षय की जल्द से जल्द भारत वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है। उन्हें केरल वापस लाने के लिए उनकी कंपनी के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।
अक्षय ने रोते हुए अपने परिवार से क्या कहा?
बता दें कि अपने परिवार से गुहार लगाते हुए, अक्षय ने रोते हुए फोन पर कहा,’मां, वे सब चले गए हैं और अब मैं बिल्कुल अकेला हूं। मेरे कागजात अभी तक क्लियर नहीं हुए हैं, और ऐसा लगता है कि इसमें महीनों लग जाएंगे… मां, प्लीज मुझे किसी तरह बचा लो, किसी से कहो कि मेरी मदद करें।’
मीडिया ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में शंघाई सहयोग संगठन कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत इसमें हिस्सा लेने वाले प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। जायसवाल ने कहा, ‘नई दिल्ली में होने वाले इस संवाद के लिए एससीओ के सदस्य देशों सहित कई देशों को आमंत्रित किया गया है। हम इस ‘सिविलाइजेशनल डायलॉग’ की मेजबानी करने के लिए उत्सुक हैं।





