धनबाद : धनबाद स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया। डाक विभाग के ईमेल पर मिले धमकी भरे संदेश के बाद पुलिस और प्रशासन तत्काल हरकत में आया और सुरक्षा के मद्देनजर प्रधान डाकघर परिसर को खाली करा दिया गया।
Read More : रांची में कल निकलेगी भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा, तैयारियां पूरी
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने की जांच
धमकी के बाद परिसर में किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की तलाश के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया गया। जांच में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। फिलहाल किसी विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब धमकी भरा ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर और तकनीकी विशेषज्ञ भी मामले की जांच कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि धमकी वास्तविक थी या दहशत फैलाने के उद्देश्य से भेजी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पासपोर्ट कार्यालय और प्रधान डाकघर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविकता सामने आएगी।




