रांची: अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2027 के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के बेंगलुरु, भोपाल और रांची परिसरों में पूर्णकालिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। स्नातक स्तर पर चार वर्षीय पाठ्यक्रमों के तहत मानविकी, समाज विज्ञान और विज्ञान के विषयों में पढ़ाई का अवसर मिलेगा। वहीं, स्नातकोत्तर स्तर पर शिक्षा, विकास, अर्थशास्त्र, जन स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल शिक्षा एवं देखभाल तथा जलवायु परिवर्तन और सतत विकास जैसे विषय शामिल हैं।
रांची परिसर में एमए डेवलपमेंट और एमए एप्लाइड इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कराई जाएगी। विश्वविद्यालय की शिक्षण व्यवस्था में नियमित पाठ्यक्रमों के साथ प्रयोगशाला कार्य, इंटर्नशिप, क्षेत्रीय परियोजनाओं, कार्यशालाओं और संगोष्ठियों को भी शामिल किया गया है। विद्यार्थियों को भाषा विकास, व्यावसायिक कौशल, करियर मार्गदर्शन और प्लेसमेंट की सुविधा भी मिलेगी।
इसके अलावा, आर्थिक रूप से जरूरतमंद चुनिंदा विद्यार्थियों को पारिवारिक आर्थिक स्थिति और निर्धारित मानदंडों के आधार पर वित्तीय सहायता दी जाएगी। प्रवेश के लिए आवेदन विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर किए जा सकते हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों को 20 नवंबर 2026 तक आवेदन जमा करना होगा। प्रवेश परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
also read : लोक भवन में विद्यार्थियों से मिले राज्यपाल, मन लगाकर पढ़ने के लिए किया प्रेरित



