रांची : दूरदर्शन केंद्र, रांची में सोमवार को कृषि प्रसार कार्यक्रमों के पुनर्रूपण को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ‘मास मीडिया सपोर्ट टू एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन’ योजना के तहत हुई इस कार्यशाला में कृषि आधारित कार्यक्रमों के निर्माण, प्रसारण, प्रबंधन और डिजिटल माध्यमों पर उनके प्रभावी संचालन से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय प्रसाद (डीडीजी सेल्स) उपस्थित थे।
Read More : छठ पूजा से पहले रांची नगर निगम की तैयारी तेज, 8 जोन में बांटे घाट
कृषि कार्यक्रमों की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम प्रमुख सुधीर कुमार ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य कृषि प्रसार कार्यक्रमों की गुणवत्ता सुधारना, निर्माण और प्रसारण की प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाना तथा दूरदर्शन केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। कार्यशाला में कार्यक्रम निर्माण और प्रसारण, सोशल मीडिया संचालन, वित्तीय प्रबंधन, कार्यक्रमों और रॉ फुटेज के आदान-प्रदान, संगीत व अन्य सामग्री के संग्रहण तथा अभिलेखीकरण पर जानकारी साझा की गई। उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और भविष्य में कार्यक्रम सामग्री के पारस्परिक उपयोग पर भी चर्चा हुई।
किसानों के लिए उपयोगी सामग्री बनाने पर चर्चा
कार्यशाला में कृषि प्रसार से जुड़े कार्यक्रमों को अधिक उपयोगी, गुणवत्तापूर्ण और किसान हितैषी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को कार्यक्रम निर्माण से लेकर प्रसारण और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सामग्री के प्रचार-प्रसार तक की प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि दूरदर्शन कृषि की नई तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियों, सरकारी योजनाओं और किसानों के लिए उपयोगी जानकारियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उनके अनुसार, ऐसी कार्यशालाएं कार्यक्रमों की गुणवत्ता बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में जनसंचार की भूमिका मजबूत करने में सहायक होंगी।
विभिन्न दूरदर्शन केंद्रों के अधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला में अश्वनी कुमार, गौतम कुमार वर्मा, अनूप खजूरिया (सलाहकार, डीडी किसान), शालिनी कुशवाह, नीलेश रघुवंशी, सुरेश चंद मीणा, वीरेंद्र कुमार परिहार, श्याम नारायण चौधरी, शम्स हैदर नक़वी, विवेक आज़ाद, देबाशीष हलदर, बिस्वा कुमार दास, नीलम सोना, मुकेश के. चंद्राकर, सुरजीत नस्कर, अब्दुल शकूर हुसैनी और सायन चटर्जी सहित विभिन्न दूरदर्शन केंद्रों के अधिकारी व कार्यक्रम निर्माण से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे।
रांची दूरदर्शन केंद्र से कार्यालय प्रमुख के.के. साहू, कार्यक्रम अधिशासी सुशील कुमार, पूर्णिमा कुमारी, सुभाष कुमार, गोविन्द झा, अमन कुमार, अमन गुप्ता और प्रभात रंजन भी मौजूद थे। कार्यशाला का समापन कृषि प्रसार कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम उपयोग के संकल्प के साथ हुआ।



