रांची : राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी ने शुक्रवार को करमटोली स्थित आदिवासी छात्रावास के विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान आदिवासी छात्र संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव के नेतृत्व में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से मिलकर छात्रावास के पुस्तकालय में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की कमी और विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने यदुवंश आदिवासी कॉलेज छात्रावास के पुस्तकालय की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। इससे पूर्व सांसद द्वारा किए गए पुस्तकालय निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं के साथ-साथ छात्रों ने अपनी आवश्यकताओं और सुझावों को भी उनके समक्ष रखा।
छात्रों ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुस्तकालय में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है। पुस्तकालय की समुचित व्यवस्था होने से आदिवासी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने में काफी मदद मिलेगी।
छात्रों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनने के बाद सांसद परिमल नथवानी ने आश्वासन दिया कि छात्रावास में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और समस्याओं के समाधान के लिए जल्द से जल्द पहल की जाएगी।
इस मुलाकात के दौरान आदिवासी छात्र संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव के अलावा यदुवंश आदिवासी कॉलेज छात्रावास के छात्र प्रमुख प्रकाश भगत, बिनोद कुजूर, कार्तिक उरांव और प्रदीप उरांव उपस्थित थे।
also read : हेमंत सोरेन से मिले पत्रकार सोमनाथ आर्य और लक्ष्मी कुमारी, दो किताबें कीं भेंट


