किसानों ने भरनो प्रखंड कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन, सड़क जाम कर सौंपा ज्ञापन

गुमला (भरनो) : झारखंड राज्य किसान सभा की गुमला जिला कमेटी ने शुक्रवार को भरनो प्रखंड कार्यालय के समक्ष किसान महापड़ाव आयोजित किया। संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, धान की

किसान

अपनी भाषा में पढ़ें

गुमला (भरनो) : झारखंड राज्य किसान सभा की गुमला जिला कमेटी ने शुक्रवार को भरनो प्रखंड कार्यालय के समक्ष किसान महापड़ाव आयोजित किया। संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, धान की उचित कीमत, कर्ज माफी और जमीन से जुड़ी समस्याओं समेत कई मांगें उठाईं। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गुमला उपायुक्त के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पंचायत स्तर पर धान क्रय केंद्र खोलने और घोषित MSP 25 रुपये 50 पैसे प्रति किलो की दर से धान खरीदने की कानूनी गारंटी देने की मांग की गई। किसानों ने घोषित समर्थन मूल्य से कम यानी 17 से 19 रुपये प्रति किलो की दर पर धान खरीद पर रोक लगाने और किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की भी मांग रखी।

Read More : रॉयल्टी भुगतान को लेकर झारखंड के ठेकेदार लामबंद, आंदोलन की तैयारी में संवेदक संघ

MSP की कानूनी गारंटी और किसानों की कर्ज माफी की मांग

महापड़ाव में झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव एवं अखिल भारतीय किसान सभा की राष्ट्रीय केंद्रीय कमेटी के सदस्य सुफल महतो मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 13 महीने चले किसान आंदोलन में 736 किसानों की शहादत के बाद तीनों कृषि कानून रद्द किए गए थे। 10 दिसंबर 2021 को किसान आंदोलन और मोदी सरकार के बीच लिखित समझौता हुआ था, लेकिन छह साल बाद भी उसे लागू नहीं किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह केंद्र सरकार के किसान विरोधी चरित्र को उजागर करता है। MSP की कानूनी गारंटी का वादा भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने किसानों की आत्महत्याओं को चिंता का विषय बताते हुए कहा कि MSP नहीं मिलने के कारण साढ़े चार लाख किसानों की आत्महत्याएं हुई हैं। सुफल महतो ने कहा कि झारखंड में धान का घोषित MSP 25 रुपये 50 पैसे प्रति किलो है, लेकिन किसानों को 17 से 19 रुपये प्रति किलो की दर से धान बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे किसानों को प्रति किलो करीब 7 रुपये 50 पैसे तक कम कीमत मिल रही है।

जमीन, आवास और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं

किसान सभा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ देने, जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा की रक्षा करने तथा CNT एक्ट को सुरक्षित रखने की मांग की गई। इसके अलावा जमीन के ऑनलाइन रिकॉर्ड में गड़बड़ियों को सुधारने, 1928 के सर्वे के अनुसार जमीन का ऑनलाइन रिकॉर्ड दुरुस्त करने और दाखिल-खारिज में कथित घूसखोरी पर रोक लगाने की मांग उठाई गई। डाईर जतरा स्थल की जमीन का डीड और दाखिल-खारिज रद्द करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

प्रदर्शनकारियों ने डाईर जतरा स्थल विवाद को लेकर थाना प्रभारी और अंचलाधिकारी की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने विवाद का समाधान करने के बजाय लोगों को लड़वाने के आरोपों की जांच और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। रतिया उरांव एवं उनके साथियों पर दर्ज मुकदमे की न्यायिक जांच कराने की भी मांग रखी गई। इसके साथ ही जरूरतमंदों को आवास, पेंशन, राशन, सिंचाई कूप, तालाब और किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की गई। पारस डैम के दरवाजे की मरम्मत कराने और हाथियों के आतंक से किसानों को राहत दिलाने की मांग भी उठाई गई।

महंगाई, बेरोजगारी और चारों लेबर कोड रद्द करने की मांग

महापड़ाव में किसानों ने महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण, पलायन और विस्थापन पर रोक लगाने की मांग की। किसान विरोधी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के साथ बीज, बिजली और खनिज विधेयक तथा चार लेबर कोड रद्द करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। प्रदर्शनकारियों ने मनरेगा को वापस लागू करने, 200 दिनों का काम और 600 रुपये दैनिक मजदूरी देने तथा सभी महिलाओं को मंईयां योजना की स्वीकृति देने की मांग रखी।

अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर सड़क जाम

किसान महापड़ाव के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने पर प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने सड़क जाम कर दिया। बाद में प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मांगपत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गुमला उपायुक्त तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

झारखंड राज्य किसान सभा के संयुक्त सचिव मदुवा कच्छप ने कहा कि किसान सभा इन मांगों के समाधान के लिए राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। कार्यक्रम को शंकर उरांव, रतिया उरांव, अनिल उरांव, मिला कुजुर, चंद्रदेव उरांव और मिली उरांव सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *