रांची : रांची नगर निगम ने आंतरिक राजस्व संग्रहण बढ़ाने और बकाया वसूली में तेजी लाने की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में निगम परिषद की आपात बैठक आयोजित की गई। इसमें निगम के सभी प्रमुख राजस्व स्रोतों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली तेज करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षद, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त, निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Read More : पलामू में खेत बचाओ अभियान की शुरुआत, किसानों को वैज्ञानिक खेती के बताए गए तरीके
होल्डिंग टैक्स से पार्किंग शुल्क तक की समीक्षा
बैठक में निगम के आंतरिक राजस्व के विभिन्न स्रोतों से होने वाली आय की विस्तार से समीक्षा की गई। इनमें होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, बाजार एवं दुकान किराया, जल कर, पार्किंग शुल्क और यूजर चार्ज सहित अन्य राजस्व मद शामिल रहे। इस दौरान सभी शाखाओं के आय-व्यय का मदवार आकलन किया गया। पिछले वित्तीय वर्षों की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष के राजस्व संग्रहण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य और अब तक की वास्तविक उपलब्धि के बीच के अंतर की समीक्षा की। साथ ही, अपेक्षित राजस्व संग्रहण नहीं होने के कारणों पर भी विचार किया गया।
बकायेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई : महापौर
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि रांची नगर निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उसे आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक राजस्व संग्रहण बढ़ाना बेहद जरूरी है। निगम के सभी राजस्व स्रोतों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के साथ वसूली प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और मजबूत करना होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राजस्व संग्रहण बढ़ाने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम करने को कहा। महापौर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बार-बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
महापौर ने कहा कि राजस्व संग्रहण के काम में किसी भी तरह की शिथिलता, लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई भी होगी। बैठक में सभी राजस्व मदों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं, वार्ड पार्षदों ने भी निगम के राजस्व नुकसान को रोकने और आय बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।


