रांची : कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड ने प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम के लिए प्रारंभिक विवरणिका (ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड, बीएसई और एनएसई के पास दाखिल कर दी है। एमसीएल के प्रस्तावित आईपीओ में कोल इंडिया अपनी हिस्सेदारी के अधिकतम 66,18,36,300 शेयर बिक्री के लिए पेश करेगी। प्रत्येक शेयर का अंकित मूल्य दो रुपये है। यह निर्गम पूरी तरह बिक्री पेशकश (ऑफर फॉर सेल) के रूप में प्रस्तावित है। प्रस्तावित आईपीओ नियामकीय मंजूरियों और बाजार परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों की शेयर बाजार में सूचीबद्धता की शुरुआत भारत कोकिंग कोल लिमिटेड से हुई। बीसीसीएल का आईपीओ जनवरी 2026 में आया और इसके शेयरों की बाजार में सूचीबद्धता 19 जनवरी को हुई।
इसके बाद सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड का आईपीओ मार्च 2026 में आया और इसके शेयर 30 मार्च 2026 को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध हुए।
अब एमसीएल इस कड़ी की अगली बड़ी कंपनी बनने जा रही है। इसके अलावा साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड को भी शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की तैयारी चल रही है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार कोल इंडिया वर्ष 2026 के अंत तक एमसीएल और एसईसीएल दोनों के आईपीओ लाने की योजना पर काम कर रही है।




