मुंबई : कैंपा कोला के जरिए सॉफ्ट ड्रिंक मार्केट में बड़ी हलचल मचाने के बाद, उद्योगपति मुकेश अंबानी अब देश के आइसक्रीम मार्केट पर कब्जा जमाने की तैयारी कर रहे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की एफएमसीजी शाखा ‘रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड’ (RCPL) ने ‘बॉम्बे क्रीमरी’ ब्रांड के साथ आइसक्रीम सेक्टर में आधिकारिक एंट्री ली है। मिंट की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत में आइसक्रीम का कुल बाजार अनुमानित रूप से ₹20,000 करोड़ का है। रिलायंस इस विशाल बाजार में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने के लिए आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है।
Read More : पलामू में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी
₹10 से शुरू होंगी आइसक्रीम की कीमतें
रिलायंस कंज्यूमर ‘बॉम्बे क्रीमरी’ को एक अफोर्डेबल-प्रीमियम (किफायती लेकिन प्रीमियम) डेयरी ब्रांड के रूप में स्थापित कर रही है। कंपनी के मुताबिक बॉम्बे क्रीमरी की आइसक्रीम में फ्रोजन डेजर्ट के बजाय असली डेयरी क्रीम का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके पोर्टफोलियो में आइसक्रीम कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसी विस्तृत रेंज शामिल होगी। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए आइसक्रीम की शुरुआती कीमत महज ₹10 रखी गई है।
पश्चिमी भारत से होगी शुरुआत, फिर देशभर में विस्तार
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के निदेशक टी कृष्णकुमार ने बताया कि बॉम्बे क्रीमरी में शुद्ध और असली डेयरी उत्पादों का उपयोग किया जाएगा। शुरुआती चरण में इस ब्रांड को पश्चिमी भारत में लॉन्च किया जा रहा है, जिसके बाद धीरे-धीरे रिलायंस के विशाल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और रिटेल स्टोर्स के जरिए इसे पूरे देश में उपलब्ध कराया जाएगा।
FMCG और खाने-पीने के बाजार में रिलायंस का दबदबा
मुकेश अंबानी की कंपनी एफएमसीजी (Fast Moving Consumer Goods) सेक्टर में तेजी से अपने पैर पसार रही है। वर्तमान में रिलायंस कंज्यूमर कैंपा कोला (कोला, ऑरेंज और लेमन फ्लेवर), पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर (इंडिपेंडेंस), इंडिपेंडेंस ब्रांड के तहत सूरजमुखी का तेल और गेहूं का आटा जैसे कई रोजाना इस्तेमाल होने वाले उत्पाद बेच रही है। अब आइसक्रीम सेगमेंट में कदम रखकर कंपनी अमूल (Amul), क्वालिटी वॉल्स (Kwality Wall’s) और मदर डेयरी जैसी स्थापित कंपनियों को सीधी टक्कर देने जा रही है।





