रांची: फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की को-ऑर्डिनेशन विद एडमिनिस्ट्रेशन उप समिति के चेयरमैन राम बांगड़ एवं लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन शैलेश अग्रवाल ने आज संयुक्त रूप से रांची के सिटी डीएसपी के.वी. रमन से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।
मुलाकात के दौरान शहर में व्यापारियों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति तथा विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानों एवं बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, व्यापारियों के बीच सुरक्षा का बेहतर माहौल बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर भी अपने सुझाव रखे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शहर की आर्थिक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए व्यापारियों एवं आम नागरिकों के बीच सुरक्षा और विश्वास का वातावरण होना अत्यंत आवश्यक है। व्यापारिक क्षेत्रों में बेहतर पुलिस गश्त एवं प्रशासन के साथ नियमित समन्वय से कई समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।
सिटी डीएसपी के.वी. रमन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को सकारात्मकता से सुना तथा व्यापारियों की सुरक्षा से संबंधित समस्याओं के समाधान और शहर में विधि-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की दिशा में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासन एवं व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि आपसी समन्वय एवं सहयोग से रांची के व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा व्यापारी निर्भीक होकर अपने व्यावसायिक कार्यों का संचालन कर सकेंगे। यह जानकारी चैंबर प्रवक्ता विनीता सिंघानिया ने दी।
also read : विद्यार्थियों को उद्योगों और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करना चाहिए: राज्यपाल
–


