रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शौर्य सभागार, जैप 1 में गुरुवार ICFAI विश्वविद्यालय, झारखंड के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों से अपनी सोच की सीमाए तोड़कर नई संभावनाए तलाशने तथा अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग राष्ट्र एवं समाज की प्रगति के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत विकसित भारत@2047 के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में आज के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
राज्यपाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, जैव-प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं को निरंतर सीखने, नई तकनीकों को समझने और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश “Break the Limits, Unlock the Possibilities” का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने और नई संभावनाओं को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
आज संविधान दिवस है। हमारा संविधान लोकतंत्र के आदर्शों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है
राज्यपाल ने कहा कि आज संविधान दिवस है। हमारा संविधान लोकतंत्र के आदर्शों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। इसकी प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को प्रत्येक नागरिक को अपने आचरण में उतारना चाहिए। उन्होंने युवाओं से दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
आज केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को उद्योगों और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करना चाहिए
राज्यपाल ने कहा कि आज केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को उद्योगों और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करना चाहिए। वे नौकरी पाने के साथ-साथ उद्यमशीलता की भावना विकसित करें और रोजगार के अवसरों का सृजन करने वाले बनें। अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ ईमानदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी महत्व दें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, तकनीक और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करें। शोध का लाभ अकादमिक जगत तक सीमित न रहे, बल्कि उसके निष्कर्ष समाज के लिए भी उपयोगी सिद्ध हों।
निजी विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के विस्तार, कौशल विकास और शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं
राज्यपाल ने कहा कि निजी विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के विस्तार, कौशल विकास और शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। विश्वविद्यालयों की प्रतिष्ठा शिक्षा की गुणवत्ता, योग्य शिक्षकों, शोध, आधुनिक प्रयोगशालाओं और विद्यार्थियों की उपलब्धियों से बनती है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से निर्धारित शैक्षणिक मानकों का पालन करने तथा शिक्षा में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।



