झारखंड : राज्य के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए वीबी-ग्राम जी (पूर्व में मनरेगा) योजना के तहत 12,500 किलोमीटर जीएसबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए राज्य के सभी 24 जिलों में सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना में उन गांवों और बसावटों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अब तक मुख्य सड़कों से नहीं जुड़ सके हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शामिल नहीं हो पाई सड़कों को भी चिह्नित कर निर्माण कराया जाएगा।
पूर्वी सिंहभूम को सबसे अधिक 1,400 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य
जिलावार लक्ष्य के अनुसार पूर्वी सिंहभूम को सबसे अधिक 1,400 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य मिला है। इसके बाद पलामू में 1,100 किलोमीटर, गढ़वा में 1,000 किलोमीटर, पश्चिमी सिंहभूम में 750 किलोमीटर और सरायकेला-खरसावां में 400 किलोमीटर सड़कें बनाई जाएंगी। इस तरह कोल्हान के तीनों जिलों में कुल 2,550 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि गांवों में सड़क निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बाजारों और रोजगार से जुड़ी योजनाओं से जोड़ना है।
इससे परिवहन खर्च और समय कम होने की उम्मीद
सड़क संपर्क बेहतर होने से किसानों को फल, सब्जियां और लघु वनोपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। इससे परिवहन खर्च और समय कम होने की उम्मीद है। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंचने में भी आसानी होगी। हालांकि, निर्माण कार्य कब शुरू होगा और कब तक पूरा किया जाएगा, यह विभाग की आगामी कार्ययोजना पर निर्भर करेगा।
also read : राज्य स्थापना दिवस समारोह में 43 झारखंड आंदोलनकारी होंगे सम्मानित



