रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 और वर्तमान सरकार के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में 15 से 28 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह की शुरुआत 15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ से होगी। इसका समापन 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। 15 नवंबर को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक राज्य के सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ का आयोजन होगा। इसकी शुरुआत जिले के किसी महत्वपूर्ण स्थल या चौक-चौराहे से फ्लैग ऑफ कर की जाएगी। इसके बाद जिले के महत्वपूर्ण छठ घाटों की सफाई के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
Read More : ‘नीतीश सेतु’ के नाम से जाना जाएगा बिहार का यह छह लेन पुल, 21 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
पंचायत से जिला स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं
स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान 17 से 25 नवंबर तक आम लोगों की भागीदारी के लिए पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें खेलकूद प्रतियोगिता, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और टीमों को 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्य स्तरीय आयोजन और प्रस्तुति का अवसर मिलेगा। विजेता टीमों को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा।
खेलगांव में लगेगा मेला और प्रदर्शनी
26 से 28 नवंबर तक खेलगांव, रांची में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ प्रत्येक जिले का एक-एक स्टॉल और अन्य स्टॉल लगाए जाएंगे। विभागीय स्टॉल पर संबंधित विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, जिलों के स्टॉल पर वहां के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा नवाचार पर केंद्रित कुछ अन्य स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
28 नवंबर को होगा मुख्य समारोह
वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव, रांची में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा। पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं का चयन कर उन्हें भी मुख्य कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।






