पटना : बिहार के कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम अब पूर्व सीएम नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा जाएगा। सीएम सम्राट चौधरी ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे नवनिर्मित छह लेन पुल को जनता को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री का मुख्य कार्यक्रम वैशाली जिले के राजापाकर में होगा। यहीं से वे इस पुल का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का 21 नवंबर को बिहार आगमन हो रहा है। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल, जिसका नामकरण राज्य सरकार द्वारा ‘नीतीश सेतु’ किया गया है, राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके साथ ही माननीय प्रधानमंत्री जी राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनोपयोगी एवं विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) November 13, 2026
पटना से उत्तर बिहार का सफर होगा आसान
कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल पटना के कच्ची दरगाह को सीधे वैशाली के बिदुपुर से जोड़ेगा। यह पुल राघोपुर इलाके से होकर गुजरेगा। पुल चालू हो जाने से पटना से उत्तर बिहार आना-जाना काफी आसान हो जाएगा। लोगों को घंटों लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा। साथ ही व्यापारियों को भी सामान लाने-ले जाने में सहूलियत होगी और कारोबार को रफ्तार मिलेगी।
21 नवंबर को बिहार दौरे पर आएंगे पीएम
पीएम नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे नीतीश सेतु को जनता को समर्पित करेंगे। इसे लेकर वैशाली जिले के राजापाकर में बड़ा कार्यक्रम रखा गया है। प्रधानमंत्री यहां सिर्फ पुल का उद्घाटन ही नहीं करेंगे, बल्कि बिहार को विकास की कई दूसरी सौगातें भी देंगे। इस मौके पर लोगों की सुविधा से जुड़ी और सड़क, पुल समेत बुनियादी ढांचे की कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया जाएगा।






