रांची: सीसीएल की सीएसआर पहल “नन्हा सा दिल” के अंतर्गत 300 सफल जन्मजात ह्रदय रोग (Congenital Heart Disease) सर्जरी पूरी होने के अवसर पर सीसीएल मुख्यालय स्थित स्पंदन सभागार में सीएमडी, सीसीएल निलेंदु कुमार सिंह ने लाभान्वित बच्चों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की एवं उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
सीसीएल, इस पहल के जरिए फरवरी 2027 तक कुल 500 बच्चों के जन्मजात ह्रदय रोग की सर्जरी करा उन्हें, नया जीवन देने का लक्ष्य है। ज्ञात हो कि सर्जरी के पूर्व झारखंड के विभिन्न जिलों में उपरोक्त रोग से पीड़ित बच्चों की स्क्रीनिंग, प्राथमिक उपचार, इसके उपरांत प्रभावित बच्चों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उनके परिजनों के साथ भेजकर, उनका पूर्णत: निशुल्क इलाज कराना एवं सर्जरी के बाद होने वाले देखभाल का पूरा जिम्मा सीसीएल के द्वारा ही किया जाता है।
इस दौरान पीड़ित बच्चों के परिजनों ने सीसीएल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब उन्होंने अपने बच्चों के जीवित रहने की उम्मीद तक छोड़ दी थी, लेकिन सीसीएल की “नन्हा सा दिल” पहल ने न केवल उनके बच्चों को नया जीवन दिया, बल्कि पूरे परिवार को भी उम्मीद और खुशी के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से उनके बच्चों को स्वस्थ जीवन की नई राह मिली है, जिसके लिए वे सीसीएल के सदैव आभारी रहेंगे।
इस अवसर पर सीएमडी, सीसीएल निलेंदु कुमार सिंह के साथ निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी तथा निदेशक (योजना एवं परियोजना) अपुन हंजुरा भी उपस्थित रहे। सभी ने लाभार्थी बच्चों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं तथा आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान 1 वर्ष से 11 वर्ष की आयु के पांच लाभार्थी बच्चों एवं उनके अभिभावकों को सफल उपचार और स्वस्थ जीवन की नई शुरुआत के लिए “Gift of Life Certificates” प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आज हमारे लिए यह सिर्फ 300 सर्जरी पूरी होने का दिवस नहीं है, बल्कि यह 300 नन्हे दिलों की धड़कनों में नई उम्मीद जुड़ने का दिन है : सीएमडी
इस अवसर पर सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि “आज हमारे लिए यह सिर्फ 300 सर्जरी पूरी होने का दिवस नहीं है, बल्कि यह 300 नन्हे दिलों की धड़कनों में नई उम्मीद जुड़ने का दिन है। इन बच्चों की मुस्कान और उनके माता-पिता की आंखों में दिख रही खुशी हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। जब किसी बच्चे को स्वस्थ जीवन का अवसर मिलता है, तो उसके साथ पूरे परिवार के सपनों को भी एक नई जिंदगी मिलती है। पीड़ित बच्चों के माता-पिता की तारीफ करते हुए कहा कि सीसीएल अपने आप को भी इस पहल के संचालन के लिए सौभाग्यशाली मानता है।
सीसीएल अपने सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर मजबूत कर रहा है। कंपनी द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में विभिन्न CSR पहलों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा रही है। ‘नन्हा सा दिल’ इसी मानवीय सोच का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिसके माध्यम से जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की ओर आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।




