दो दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव में सपरिवार पधारें: संजय सेठ
रांची। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति, रांची के सानिध्य में अलबर्ट एक्का चौक, मेन रोड में 4 एवं 5 सितंबर को दो दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति के मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर समिति द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को समिति के संरक्षक सी. पी. सिंह, अध्यक्ष मुकेश काबरा, महापौर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार एवं महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने संबोधित किया।
जन्माष्टमी के सांस्कृतिक आयोजन के लिए भव्य मंच बनकर तैयार हो चुका है। पूरे आयोजन स्थल को वंदे मातरम थीम पर सजाया जाएगा तथा आयोजन स्थल पर 2000 पीस राष्ट्रीय ध्वज का वितरण भी किया जाएगा।
बाल गोपाल प्रतियोगिता बनेगी आकर्षण का केंद्र
समिति के संरक्षक सी पी सिंह, अध्यक्ष मुकेश काबरा ने बताया कि 4 सितंबर को अपराह्न 3 बजे श्री कृष्ण के बाल रूप की भव्य झांकी एवं बाल गोपाल प्रतियोगिता का उद्घाटन समाज एवं धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के अध्यक्ष एवं सचिव द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता में 150 से अधिक बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। निर्णायक मंडल में रांची के प्रमुख अखबारों के संपादक रहेंगे और उनके द्वारा ही विजेताओं के नाम घोषित किए जाएंगे।
4 सितंबर को भगवान श्री कृष्ण को समिति की ओर से मोटे अनाज का भोग लगाया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से माखन मिश्री, पंजीरी, बादाम के लड्डू, गिरी के लड्डू, अनरसा, रागी का लड्डू एवं मड़वा का लड्डू शामिल होंगे। भोग एवं आरती के उपरांत प्रसाद दर्शकों के बीच वितरित किया जाएगा।
5 सितंबर को नमो दही हांडी प्रतियोगिता
दूसरे दिन 5 सितंबर को अपराह्न 3 बजे नमो दही हांडी प्रतियोगिता सह भजन संध्या एवं नृत्य-नाट्य मंचन का आयोजन होगा। नमो दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के माननीय राज्यपाल श्री संतोष गंगवार जी करेंगे।
मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने बताया कि नमो दही हांडी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली पुरुष एवं महिला गोविंदा टीमों के बीच समिति द्वारा अलग-अलग रंगों की टी-शर्ट दी जाएगी। प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम उम्र के गोविंदा भाग नहीं ले सकेंगे।
महिला गोविंदा के लिए दही हांडी की ऊंचाई 20 फीट एवं पुरुष गोविंदा के लिए 25 फीट रखी गई है।
पुरुष गोविंदा वर्ग में प्रथम पुरस्कार ₹71,000 एवं द्वितीय पुरस्कार ₹41,000 तथा महिला गोविंदा वर्ग में प्रथम पुरस्कार ₹51,000 एवं द्वितीय पुरस्कार ₹31,000 की राशि दी जाएगी।
मुंबई एवं वृंदावन-मथुरा के कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति मुंबई के सतीश कृष्णमूर्ति एंड पार्टी के 40 कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही वृंदावन एवं मथुरा के राजेश शर्मा एंड पार्टी द्वारा श्री कृष्ण के रास एवं झांकियों की लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
सुरक्षा, चिकित्सा एवं मूलभूत सुविधाओं की विशेष व्यवस्था
आपात स्थिति के लिए नागरमल मोदी सेवा सदन एवं ऑर्किड हॉस्पिटल के डॉक्टरों के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था आयोजन स्थल पर रहेगी। मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजन स्थल पर पानी, चाय एवं बिस्कुट की निशुल्क व्यवस्था की जाएगी।
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि 4 एवं 5 सितंबर के आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों एवं बच्चों के लिए बैठने की सुंदर व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात लगे हुए हैं।
उपमहापौर नीरज कुमार ने कहा कि इस बार सुरक्षा की व्यवस्था मजबूत रहेगी। नगर निगम द्वारा आयोजन स्थल पर पानी, शौचालय एवं साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था रखी जाएगी।
समिति के संरक्षक सी. पी. सिंह ने बताया कि 16वीं बार नमो दही हांडी जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन अलबर्ट एक्का चौक, मेन रोड में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाल गोपाल प्रतियोगिता के तहत डेढ़ सौ से अधिक बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा तथा पूरे आयोजन स्थल को वंदे मातरम थीम पर सजाया जाएगा।
सपरिवार पधारने का आग्रह
समिति के अध्यक्ष मुकेश काबरा, मीडिया प्रभारी प्रमोद सारस्वत एवं संजय पोद्दार ने श्री कृष्ण के सभी भक्तों से आग्रह किया कि आगामी 4 एवं 5 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति के सानिध्य में होने वाले इस भव्य आयोजन में अपने इष्ट-मित्रों एवं सपरिवार अवश्य पधारें और श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आनंद उठाएं।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से संरक्षक सी. पी. सिंह, अध्यक्ष मुकेश काबरा, महापौर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, रविंद्र मोदी, ऐश्वर्य सेठ, रमेंद्र कुमार, प्रमोद सारस्वत, संजय पोद्दार, रमेश सिंह, सतीश सिन्हा, ललन श्रीवास्तव, राज वर्मा, पूनम, नीतू, नीतू सिंह, भीष्म सिंह, नीरज चौधरी, संजय जायसवाल, ललित ओझा, संजीव साहू, विपिन वर्मा, विजय ओझा, विजय यादव, शंकर दुबे, राजीव वर्मा, संतोष सेठ, संजय गोयल, सत्येंद्र सिंह गुड्डू, संजय सिंह लल्लू, मनीष लोधा, अशोक पुरोहित, अमित चौधरी, आनंद श्रीवास्तव, राहुल सिन्हा चंकी, रतन अग्रवाल, मुकेश पांडेय, रमाशंकर बगड़िया, अमन प्रकाश एवं सोनू भारद्वाज उपस्थित थे।




