जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज से 3 हजार युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य : इरफान अंसारी

जामताड़ा : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को जामताड़ा जिले के मिहिजाम में मां काली पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस मौके पर नगरवासियों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। बजरंग क्लब बानर सेना और पूजा कमिटी के सदस्यों ने भी

इरफान अंसारी

अपनी भाषा में पढ़ें

जामताड़ा : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को जामताड़ा जिले के मिहिजाम में मां काली पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस मौके पर नगरवासियों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। बजरंग क्लब बानर सेना और पूजा कमिटी के सदस्यों ने भी मंत्री का जोरदार अभिनंदन किया। डॉ. अंसारी ने मां काली की पूजा-अर्चना कर राज्य और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि उनका राजनीतिक संकल्प दबे-कुचले, शोषित, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और गरीब समाज को उनका हक, सम्मान और अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि वह सत्ता और पद के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा और समाज में बदलाव लाने के लिए राजनीति करते हैं। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही उनकी राजनीति का उद्देश्य है।

Read More : गिरिडीह में वेतन के लिए निगम कर्मचारियों का धरना, महापौर ने दिया भरोसा

भाजपा पर साधा निशाना, SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल

डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 14 वर्षों में पार्टी ने दबे-कुचले और शोषित समाज को राजनीतिक मोहरा बनाकर वोट हासिल किए। उनके मुताबिक, इन वर्गों को न तो उचित सम्मान मिला और न ही रोजगार के पर्याप्त अवसर। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति जनता को बांटने और वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने तक सीमित रह गई है। मंत्री ने कहा कि कभी काले कानून, कभी काले धन, कृषि कानून, एनआरसी, वक्फ बोर्ड और एमएमडीआर जैसे मुद्दों के जरिए जनता को उलझाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों, किसानों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। डॉ. अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र और जनता के मताधिकार के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के कारण गरीब, मजदूर और किसान फॉर्म भरने के लिए परेशान हो रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि आम लोगों को ही इतनी मुश्किलों का सामना क्यों करना पड़ रहा है। मंत्री ने कहा कि किसी को भी वोटर लिस्ट से नागरिकों का नाम काटने या उनका मताधिकार छीनने का अधिकार नहीं है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के जरिए कथित वोट चोरी का मुद्दा मजबूती से उठाया है। डॉ. अंसारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। मंत्री ने लोगों से SIR फॉर्म गंभीरता से भरने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी का नाम वोटर लिस्ट से काटा जाता है या प्रक्रिया में परेशानी होती है तो उन्हें तुरंत सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों के मताधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

भाजपा के खिलाफ ‘वानर सेना’ बनाने की घोषणा

डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा की नीतियों और कथित राजनीतिक हथकंडों का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करने के लिए ‘वानर सेना’ के गठन की घोषणा की। उन्होंने कहा, “भाजपा का मुकाबला वानर सेना ही करेगी। मैं इरफान अंसारी नहीं, बल्कि इरफान हाड़ी हूं। भाजपा का जहर रोकने के लिए मैंने वानर सेना का गठन किया है।” उन्होंने युवाओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। मंत्री ने कहा कि वानर सेना का उद्देश्य हनुमान जी की सेवा भावना, साहस, समर्पण और एकजुटता से प्रेरणा लेकर समाज की रक्षा करना, गरीबों की मदद करना और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति समाज को जोड़ने की है, तोड़ने की नहीं। वह धर्म के नाम पर लोगों को बांटने में विश्वास नहीं रखते। उनकी राजनीति इंसानियत, भाईचारे, सामाजिक न्याय और आपसी सौहार्द पर आधारित है।

मिहिजाम और जामताड़ा से अपने पारिवारिक रिश्ते का जिक्र करते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि उनके पिता जनाब फुरकान साहब लगातार सात बार विधायक रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने उन्हें हमेशा प्यार और सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता की सेवा परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि उनके पिता आज भी यहां आते हैं और लोग उन्हें बुलाते हैं। यह देखकर उन्हें खुशी होती है। जनता का प्यार ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि उनका एजेंडा क्षेत्र का विकास, बच्चों का बेहतर भविष्य और समाज को सम्मान दिलाना है।

मेडिकल कॉलेज से 3,000 से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य

जामताड़ा के विकास पर चर्चा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज देना उनके लिए गर्व की बात है। उनके मुताबिक, यह संस्थान आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर शिक्षा और रोजगार का आधार बनेगा। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को शिक्षा के अवसर मिलेंगे और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के माध्यम से 3,000 से अधिक छात्र-छात्राओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य लेकर काम किया जा रहा है। प्रयास है कि जामताड़ा के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिलें। मां काली पूजा के अवसर पर मिहिजाम पहुंचने पर खुशी जाहिर करते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि वह हर साल मां काली का आशीर्वाद लेने यहां आते हैं। यहां के लोगों से उनका आत्मीय और पारिवारिक रिश्ता है। उन्होंने मां काली से सभी परिवारों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही क्षेत्र में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव कायम रहने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में अधिवक्ता निशपति हंसदा, पूजा कमिटी के सदस्य, हाड़ी समाज के मुखिया रमेश हाड़ी, कमल हाड़ी, सचिव अरविंद हाड़ी, जीतन हाड़ी, विशाल हरि, कार्तिक हरि, राकेश हरि, सुरेश हरि, अभिजीत हरि, सुबोजीत हरि, सुरेंद्र हरि, राम हरि, सचिन हरि, रौनक हरि, हेमंत हरि, गोलू हरि, अर्जुन हरि, रोहित बाउरी, रिमो राय, पप्पू लोहार और विनोद लोहार मौजूद थे। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, पूर्व अध्यक्ष प्रभु मंडल, कपिल यादव, साबू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *