रांची : राजधानी में JPSC और अन्य प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर अभ्यर्थियों का विधानसभा घेराव मार्च सोमवार को बेहद उग्र और अनोखे रूप में सामने आया। पुलिस द्वारा अभ्यर्थियों को रोकने के लिए किए गए सभी इंतजाम नाकाफी साबित हुए। हजारों की संख्या में आक्रोशित छात्र सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए कंटीले तारों से की गई बैरिकेडिंग पर चढ़ गए।
Read More : छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर सुदेश कुमार महतो ने सरकार को घेरा
इस उग्र प्रदर्शन के बीच ‘भालू’ का रूप धारण कर पहुंचे एक युवक ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। उसने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, “सरकार हमें जंगली जानवर बनने पर मजबूर न करे।” इसके अलावा आंदोलन में कई अभ्यर्थी मजेदार और तीखे संदेशों वाले पोस्टर लेकर पहुंचे थे, जिनमें से एक पोस्टर पर लिखा था- ‘नौकरी नहीं मिलेगी तो गर्लफ्रेंड भी साथ नहीं देगी’।
9 दिनों की भूख हड़ताल के बाद पहुंचे देवेंद्रनाथ महतो, सरकार पर साधा निशाना
छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो 9 दिनों से जारी अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के बावजूद खुद को इस आंदोलन में शामिल होने से नहीं रोक पाए। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 9 दिनों तक भूखे रहने से उतना दर्द नहीं हुआ, जितना सरकार द्वारा अभ्यर्थियों के रास्ते में बिछाए गए कंटीले तारों को देखकर हुआ है।
‘कंटीले तार लगाकर सरकार अराजकता को न्योता दे रही है’
देवेंद्रनाथ महतो ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की जायज मांगों को सुनने के बजाय उनके खिलाफ दुश्मन जैसा व्यवहार कर रही है और कंटीले तार लगाकर खुद ‘अराजकता’ को न्योता दे रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार को तुरंत छात्रों के हित में फैसला लेना चाहिए, वरना उग्र आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इसके साथ ही उन्होंने इस आंदोलन को समर्थन देने वाले सभी 24 जिलों के अभ्यर्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।




