रामगढ़ : रामगढ़ जिले में बुधवार को अवैध हथियार बनाने की एक मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ। रामगढ़, रांची और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के दत्तो गांव से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से अर्धनिर्मित पिस्टल, मैगजीन और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं।
Read More : मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के लिए 8 करोड़ मंजूर
गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, नौ मैगजीन, हथियार बनाने की मशीन, ड्रिल मशीन, गैस कटर, रेल पटरी सहित लोहे के कई पार्ट्स और अन्य उपकरण जब्त किए गए।

लोहार की आड़ में चल रहा था कारोबार
पुलिस ने इस मामले में दिनेश विश्वकर्मा, उसकी पत्नी नूतन देवी और बड़े भाई अनिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपित मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के लेसरीगंज के रहने वाले हैं और दत्तो गांव में वर्षों से लोहार का काम करने की आड़ में अवैध हथियार बनाने का कारोबार चला रहे थे।
Read More : धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग खोलने पर मंथन : डीसी ने कहा-बिना वैज्ञानिक जांच के सड़क खोलना पड़ सकता जोखिम भरा
कोयलांचल में होती थी हथियारों की सप्लाई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां तैयार किए गए हथियारों की सप्लाई कोयलांचल और आसपास के इलाकों में की जाती थी। पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों का इस्तेमाल रंगदारी और अन्य आपराधिक घटनाओं में किया जाता था। मामले में आगे की जांच जारी है।
Read More : राजधानी में फिर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी, व्हाट्सएप पर मांगे 1 करोड़ रुपये




