जामताड़ा : जामताड़ा सदर अस्पताल में बीती रात इलाज के दौरान दो मरीजों की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और चिकित्सकीय लापरवाही को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मृतकों के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों को निलंबित करने की मांग की और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
Read More : चाईबासा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण, डीसी ने मरीजों से लिया फीडबैक
घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए।
परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
मृतक मुन्ना मोहली के परिजनों का आरोप है कि सांस फूलने की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका कहना है कि रात में तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन वह नहीं पहुंचे और नर्स को मरीज देखने के लिए कहा गया। परिजनों का आरोप है कि इलाज में देरी के कारण मरीज की मौत हो गई। इसी अस्पताल में भर्ती चंद्रदीपा निवासी बाबूलाल मरांडी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों मौतों के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।
Read More : RIMS लैंड स्कैम- ACB ने दी केस डायरी, सोनू शरण की अग्रिम बेल पर 20 को सुनवाई
बीजेपी ने की कार्रवाई की मांग, अस्पताल ने आरोपों से किया इनकार
घटना की जानकारी मिलने पर बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा अस्पताल पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सरकार से संबंधित चिकित्सकों को निलंबित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। वहीं, सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एपीएन देव ने इलाज में लापरवाही के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि दोनों मरीज पहले से गंभीर और पुरानी बीमारियों से ग्रसित थे तथा उनके उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई।
Read More : रांची में 518 वेंडर मार्केट का होगा आवंटन, 18 जुलाई को ई-लॉटरी आयोजित




