रांची : तुपुदाना क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
Read More : 14वीं JPSC PT में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, आयोग कार्यालय का घेराव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि मामले की जांच निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, पीड़ित परिवार ने बताया कि बच्ची को घर से ले जाने वाले व्यक्ति की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। साथ ही परिवार ने पुलिस पर मामले की निष्पक्ष जांच नहीं करने और मुख्य आरोपियों को बचाने का आरोप भी लगाया। भाजपा महिला मोर्चा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, बच्ची को घर से ले जाने वाले व्यक्ति की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा सभी आरोपियों के खिलाफ POCSO समेत कड़ी कानूनी धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा पीड़ित परिवार को सुरक्षा और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
महिला मोर्चा ने कहा कि यदि स्थानीय पुलिस निष्पक्ष जांच करने में असफल रहती है, तो मामले की जांच सीबीआई या किसी अन्य स्वतंत्र उच्चस्तरीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में आरती सिंह, शोभा यादव, सीमा सिंह, शुचिता सिंह, नीलम चौधरी, बबीता वर्मा, सुप्रिया दुबे, अर्चना सिंह और सविता लिंडा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थीं।




