रांची : शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप मांस उपलब्ध कराने के लिए रांची नगर निगम ने कांके स्थित अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस को दोबारा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को स्लॉटर हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित एजेंसी को सभी जरूरी काम पूरे कर 5 दिसंबर से ट्रायल रन शुरू करने का निर्देश दिया। निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा नहीं होने पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी।
Read More : रांची के श्याम मंदिर में 201 निशान अर्पित, खीर-चूरमे का लगा भोग
नगर निगम ने कांके में पांच एकड़ जमीन पर इस स्लॉटर हाउस का निर्माण कराया है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वहां लगी मशीनों, आधारभूत संरचना, साफ-सफाई, मशीनों के संचालन और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी भी ली।
पहले निजी एजेंसी कर रही थी संचालन
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पहले इस स्लॉटर हाउस का संचालन M/s ARSH & ELHAM LIVESTOCK EXPORTERS कर रही थी। फिलहाल इसका संचालन बंद है। यहां पशुओं के वध, मांस की कटाई और सफाई के लिए अत्याधुनिक मशीनें और उपकरण लगाए गए हैं। स्लॉटर हाउस में पशु चिकित्सक की निगरानी में वध से पहले पशुओं की चिकित्सकीय जांच की व्यवस्था भी है। इसके साथ ही मांस की स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के इंतजाम किए गए हैं। यहां से शहर की मांस दुकानों तक आपूर्ति के लिए दो डीप फ्रीजर युक्त वाहन भी उपलब्ध हैं। आम नागरिक भी निर्धारित शुल्क देकर अपने पशुओं का हलाल या झटका विधि से वध करवा सकते हैं।
5 दिसंबर तक ट्रायल रन शुरू करने का निर्देश
नगर आयुक्त ने संबंधित एजेंसी को सभी लंबित मैकेनिकल और सिविल कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी 5 दिसंबर तक स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन हर हाल में शुरू होना चाहिए। तय समय-सीमा में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि स्लॉटर हाउस दोबारा शुरू होने से शहरवासियों को स्वच्छ और हाइजीनिक तरीके से तैयार मांस उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे पशुओं के वध और मांस की आपूर्ति की प्रक्रिया व्यवस्थित और नियंत्रित होगी। साथ ही अवैध और अस्वच्छ तरीके से संचालित मांस दुकानों पर रोक लगाने में भी सहायता मिलेगी।
सफाई और बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने का निर्देश
नगर आयुक्त ने स्वच्छता शाखा को स्लॉटर हाउस परिसर और आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने झाड़ियों और घास की कटाई कराने के साथ पूरे परिसर को साफ-सुथरा रखने को कहा। इसके अलावा मुख्य भवन, वाहन पड़ाव, बाउंड्री वॉल और विद्युत व्यवस्था सहित सभी जरूरी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
खाद्य सुरक्षा और पशु कल्याण नियमों के पालन पर जोर
नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य शाखा के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्लॉटर हाउस का संचालन Food Safety and Standards Regulations, 2011 और Prevention of Cruelty to Animal (Slaughter House) Rules, 2001 के प्रावधानों के अनुसार हो। उन्होंने वेटनरी ऑफिसर को वध से पहले पशुओं की चिकित्सकीय जांच, मांस की गुणवत्ता, स्वच्छता और स्वास्थ्य मानकों के अनुपालन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, फूड इंस्पेक्टर, वेटनरी ऑफिसर सहित नगर निगम के अन्य कर्मी मौजूद थे।



