नई दिल्ली/रांची : दिल्ली में चल रहे भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड के सामान लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। खासकर झारक्राफ्ट की तसर और मलबेरी सिल्क की साड़ियों, दुपट्टों और कॉटन के कपड़ों की जमकर मांग हो रही है। झारखंड की पारंपरिक बुनाई और हस्तशिल्प को देखने के लिए तो लोग पहुंच ही रहे हैं, साथ ही अपनी पसंद के सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं। आम लोगों के लिए मेला खुलने के बाद झारक्राफ्ट के स्टॉल पर भीड़ और बढ़ गई है। सुबह से शाम तक खरीदारों का आना-जाना लगा हुआ है। इसका सीधा असर बिक्री पर भी दिख रहा है और झारखंड के उत्पादों की अच्छी-खासी खरीदारी हो रही है।
Read More : रांची में अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस फिर होगा चालू, नगर आयुक्त ने दी डेडलाइन
तसर और मलबेरी सिल्क की साड़ियों की सबसे ज्यादा मांग
झारखंड पवेलियन में झारक्राफ्ट के स्टॉल पर तसर, मलबेरी और बनारसी सिल्क की साड़ियों का आकर्षक संग्रह उपलब्ध है। इन साड़ियों की कीमत 2 हजार रुपये से लेकर 20 हजार रुपये तक है। पारंपरिक बुनाई और आकर्षक डिजाइन वाली साड़ियां ग्राहकों को पसंद आ रही हैं। इसके अलावा दुपट्टे, विभिन्न प्रकार के कपड़े और कॉटन बेडशीट की भी अच्छी मांग है। स्टॉल पर झारखंड की पारंपरिक कला और बुनकरी की झलक देखने को मिल रही है। सिल्क की गुणवत्ता और उत्पादों की विविधता ग्राहकों को खरीदारी के लिए आकर्षित कर रही है।
खादी के कपड़ों के साथ हर्बल उत्पादों की भी मांग
झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल पर भी लोग रुचि दिखा रहे हैं। यहां खादी की जैकेट, शॉल, साड़ियां, पैंट और दुपट्टे उपलब्ध हैं। कपड़ों के अलावा बोर्ड के व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पाद भी ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। इनमें शैंपू, फेसवॉश, हर्बल हेयर ऑयल और बॉडी लोशन शामिल हैं।
B2B कारोबार में धीमी रही शुरुआत, अब बढ़े ग्राहक
झारक्राफ्ट स्टॉल के संचालक जायल के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार मेले के शुरुआती B2B कारोबार के दौरान बिक्री अपेक्षाकृत धीमी रही। हालांकि, आम लोगों के लिए मेला खुलने के बाद स्टॉल पर ग्राहकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इसका असर बिक्री पर भी दिखने लगा है। उन्हें उम्मीद है कि मेले के आने वाले दिनों में ग्राहकों की संख्या और बढ़ेगी। इससे झारक्राफ्ट के उत्पादों की बिक्री में भी तेजी आएगी।
राष्ट्रीय बाजार में झारखंड के उत्पादों को मिल रहा मंच
भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला झारखंड के पारंपरिक हथकरघा, रेशम उत्पादन और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। झारक्राफ्ट के माध्यम से स्थानीय कारीगरों और बुनकरों के उत्पादों को बाजार से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। मेले में भागीदारी से झारखंड के इन उत्पादों को नए ग्राहक मिल रहे हैं। साथ ही राज्य की पारंपरिक कला, कारीगरी और स्थानीय उद्यमिता को देशभर में पहचान मिल रही है।



