धेमाजी: असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा पर स्थित धेमाजी जिले के मिंगमांग बदती इंटर-स्टेट बॉर्डर पर फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना में 8 असमी ग्रामीण घायल हुए हैं, जिनमें 7 की हालत नाजुक बताई गई है। घटना के बाद दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच तनाव बढ़ गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह मिंगमांग बस्ती में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, असम में जमीन पर कथित कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में बढ़कर फायरिंग में बदल गया।
Read More : केरल का नाम अब ‘केरलम’ करने की तैयारी, लोकसभा में बिल पेश
सीमा विवाद के बाद हुई फायरिंग
अधिकारी ने बताया कि सीमा पार से आए बदमाशों ने असम के लोगों को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। घटना में घायल हुए लोगों की पहचान दुर्गेश्वर पातिर, रोहित डोले, नागराज डोले, बिगेश्वर पातिर, पामे पेगु, संजय तयुंग, उत्पल डोले और जान डोले के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, सभी घायलों को पहले गोगामुख रूरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। बाद में गंभीर हालत वाले 7 घायलों को धेमाजी सिविल हॉस्पिटल रेफर किया गया।
CM हिमंत बिस्वा सरमा ने लिया संज्ञान
असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि दोनों राज्यों के मुख्य सचिव आपस में बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक भी स्थिति को सामान्य करने के लिए समन्वय कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम पुलिस की मदद मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को शांत करने की जरूरत है। उन्होंने असम पुलिस को निर्देश दिया कि किसी भी हालत में असम को अपनी एक इंच भी जमीन नहीं गंवानी चाहिए।
दशकों पुराना है सीमा विवाद
असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सीमा को लेकर दशकों से असहमति चली आ रही है। दोनों राज्य बातचीत और सीमांकन के जरिए विवाद को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन सीमा के कई इलाके अब भी संवेदनशील बने हुए हैं। फायरिंग की घटना के बाद बॉर्डर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




