रांची : श्री जीण माता प्रचार समिति, रांची के तत्वावधान में गणपति महोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्यता और भक्तिमय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह धार्मिक कार्यक्रम समिति के सदस्य रमेश सोमानी के निवास स्थान पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्री गणेश की मनोहारी प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना, महाआरती और पुष्पांजलि अर्पित की गई।
Read More : पीएम मोदी 23 और 24 सितंबर को मंत्रियों के साथ करेंगे ‘चिंतन बैठक’
भजनों पर झूमे श्रद्धालु, गूंजे जयकारे
कार्यक्रम के दौरान समिति की महिला सदस्यों द्वारा मधुर भजन-कीर्तन और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया गया। पंडाल की सुंदर सजावट, भगवान गणेश का मनमोहक श्रृंगार और भक्ति भाव से तैयार किया गया प्रसाद मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। पूरा परिसर “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
इनका रहा सराहनीय सहयोग
उत्सव को सफल बनाने में कविता, संगीता, नेहा, शीतल, निधि, नीरा, सविता, ज्योति, उषा सहित समिति की कई महिला सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। समिति के सचिव नारायण विजयवर्गीय ने आयोजन की सफलता पर सभी का आभार व्यक्त किया।




