बोकारो : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में विभिन्न विभागों के लिए अनुबंध के आधार पर 14 सलाहकारों की नियुक्ति की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया में सेल की विभिन्न इकाइयों जैसे बीएसएल और अन्य संयंत्रों से सेवानिवृत्त हुए पूर्व अधिकारियों को आवेदन का अवसर दिया गया है। कनिष्ठ प्रबंधक से लेकर महाप्रबंधक स्तर तक कार्य कर चुके पात्र पूर्व अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 सितंबर 2026 तक महाप्रबंधक कार्मिक ओडी कार्यालय में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
Read More : रांची में श्री जीण माता प्रचार समिति का गणपति महोत्सव सम्पन्न
10 विभागों में होगी नियुक्ति, इंटरव्यू से चयन
इस्को बर्नपुर संयंत्र में कुल 10 विभागों के लिए 14 सलाहकारों का चयन साक्षात्कार के आधार पर होगा। इनमें प्रोजेक्ट सिविल में दो, प्रोजेक्ट सेफ्टी में एक, प्रोजेक्ट हॉट स्ट्रिप मिल में दो, प्रोजेक्ट इलेक्ट्रिकल में दो और प्रोजेक्ट फाइनेंस में दो पद शामिल हैं। इसके अलावा वर्क्स सेफ्टी, वर्क्स पावर, वर्क्स वायर रॉड मिल, वर्क्स यूआरएम और ऊर्जा प्रबंधन विभाग में एक-एक सलाहकार नियुक्त किए जाएंगे। शुरुआती अनुबंध 6 महीने का होगा, जिसे प्रदर्शन और आवश्यकता के अनुसार अधिकतम 1 वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।
पद के अनुसार 50 हजार से 1 लाख रुपये तक वेतन
चयनित सलाहकारों को उनके पूर्व पद के अनुसार मासिक पारिश्रमिक के साथ आवास और मोबाइल फोन की सुविधा दी जाएगी:
पूर्व कनिष्ठ प्रबंधक से प्रबंधक: 50,000 रुपये प्रतिमाह
पूर्व वरीय प्रबंधक: 60,000 रुपये प्रतिमाह
पूर्व सहायक महाप्रबंधक (AGM): 70,000 रुपये प्रतिमाह
पूर्व उप महाप्रबंधक (DGM): 80,000 रुपये प्रतिमाह
पूर्व महाप्रबंधक (GM): 1,00,000 रुपये प्रतिमाह
नोट: इस्तीफा देने वाले, स्वैच्छिक/अनिवार्य सेवानिवृत्ति (VRS) लेने वाले, या सेवाकाल के दौरान ‘C’ ग्रेड पाने वाले पूर्व अधिकारी पात्र नहीं होंगे। अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष रखी गई है।




