पटना : बिहार में 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले श्रावणी मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी कांवड़ियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेले की तैयारियों और नई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
Read More : रांची में आयकर की बड़ी कार्रवाई, 20 करोड़ के दस्तावेज मिले, दूसरे दिन भी जांच जारी
उन्होंने बताया कि भागलपुर, मुंगेर और बांका जिले में सुल्तानगंज, धोबई, खैरा, संग्रामपुर, धौरी, गोड़ियारी और अबरखा में टेंट सिटी बनाई जाएगी। वहीं गरीबनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सारण और मुजफ्फरपुर जिले के पहलेजा घाट, आरडीएस कॉलेज, बिठौली, तुर्की, गोरौल और रजला में भी टेंट सिटी का निर्माण होगा। यहां शौचालय, बेड समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
पहली बार होगा लेजर और ड्रोन शो
पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस बार पहली बार टेंट सिटी के पास लेजर शो और सुल्तानगंज में ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवड़िया पथ पर अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र भी बनाए जाएंगे, जहां पर्यटक गाइड तैनात रहेंगे और निशुल्क श्रावणी मेला ब्रोशर वितरित किए जाएंगे।
वायरल रील बनाने वालों को मिलेगा पुरस्कार
पर्यटन विभाग ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए भी विशेष योजना की घोषणा की है। सावन की चारों सोमवारी (3, 10, 17 और 24 अगस्त) को सुल्तानगंज, अबरखा और खैरा की टेंट सिटी में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। केदार गुप्ता ने बताया कि श्रावणी मेले से जुड़ी सबसे ज्यादा चर्चित (वायरल) रील बनाने वाले प्रतियोगी को अधिकतम 3 लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए प्रतियोगी के सोशल मीडिया अकाउंट पर कम से कम 25,000 फॉलोवर्स होना अनिवार्य है। योजना से जुड़े सभी नियम पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।




