रांची। झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने कक्षा 11वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। वार्षिक परीक्षा 2026 में अनुत्तीर्ण या किसी कारणवश परीक्षा में शामिल नहीं हो सके विद्यार्थियों के लिए 29 से 31 जुलाई 2026 तक विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परिषद की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की परीक्षाएं प्रथम पाली (सुबह 10:45 बजे) से आयोजित होंगी, जबकि कला संकाय की परीक्षाएं द्वितीय पाली (दोपहर 2:00 बजे) से शुरू होंगी।
JAC 11वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026 का कार्यक्रम
29 जुलाई 2026
कोर लैंग्वेज (ENA/HNA)
30 जुलाई 2026
विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय: भौतिकी, रसायन विज्ञान, लेखा (Accountancy) एवं व्यवसाय अध्ययन (Business Studies)
कला संकाय: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वैकल्पिक विषय
31 जुलाई 2026
विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय: तृतीय एवं चतुर्थ वैकल्पिक विषय
कला संकाय: ऐच्छिक भाषा (Optional Language)
23 जुलाई से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
झारखंड अधिविद्य परिषद ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे 23 जुलाई 2026 से परिषद की वेबसाइट से विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र (Admit Card) डाउनलोड कर उन्हें उपलब्ध कराएं।
24 से 28 जुलाई तक अपलोड होंगे आंतरिक मूल्यांकन के अंक
परिषद ने यह भी निर्देश दिया है कि विद्यालय 24 जुलाई से 28 जुलाई 2026 के बीच आंतरिक मूल्यांकन (Internal Assessment) के अंक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करें।
15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा
JAC ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा, ताकि वे प्रश्नों को अच्छी तरह समझकर परीक्षा शुरू कर सकें।




