रांची : रांची के कचहरी रोड स्थित अटल वेंडर मार्केट में गुरुवार को नगर निगम की प्रस्तावित री-लॉटरी प्रक्रिया के विरोध में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। इस दौरान व्यापारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर नगर निगम के फैसले का विरोध दर्ज कराया और री-लॉटरी की प्रक्रिया रद्द करने की मांग की।
Read More : रांची में 518 वेंडर मार्केट का होगा आवंटन, 18 जुलाई को ई-लॉटरी आयोजित
दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपना कारोबार खड़ा किया है और ग्राहकों का भरोसा जीता है। उनका कहना है कि री-लॉटरी के बाद दुकानों का स्थान बदलने से कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और परिवार की आजीविका भी प्रभावित होगी।
कारोबार और परिवार पर असर की जताई चिंता
व्यापारियों ने बताया कि अटल वेंडर मार्केट का उद्घाटन 1 जुलाई 2019 को हुआ था। तब से वे लगातार अपनी-अपनी दुकानों का संचालन कर रहे हैं। इस दौरान कोरोना महामारी जैसी कठिन परिस्थितियों का भी सामना किया और कई दुकानदारों ने बैंक से ऋण लेकर कारोबार को जारी रखा। उनका कहना है कि दुकान का स्थान बदलने पर फिर से ग्राहकों का भरोसा बनाना आसान नहीं होगा। इससे आमदनी कम हो सकती है, जिसका असर परिवार और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर भी पड़ेगा।
Read More : पति से झगड़े के बाद महिला ने दो बेटियों को कुएं में फेंका, फिर उठाया यह खौफनाक कदम
री-लॉटरी की पारदर्शिता पर उठाए सवाल
विरोध कर रहे दुकानदारों ने री-लॉटरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पूरी प्रक्रिया में धांधली की आशंका है। साथ ही उन्होंने नगर निगम के उस आदेश पर भी आपत्ति जताई, जिसमें शपथ पत्र स्वीकार नहीं किए जाने की बात कही गई है। दुकानदारों ने बताया कि वे पहले भी री-लॉटरी का विरोध कर चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने अपना फैसला वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Read More : जमीन विवाद की रिपोर्ट के बदले रिश्वत, दुमका में प्रधान लिपिक को एसीबी ने दबोचा




